Surya Grahan 2018, Solar Eclipse 2018: जुलाई महीने की 27 तारीख को चंद्र ग्रहण लगने वाला है। इसे सदी का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण कहा जा रहा है जिसकी हर तरफ खूब चर्चा हो रही है। लेकिन उससे पहले सूर्य ग्रहण पड़ने वाला है। यह सूर्य ग्रहण 13 जुलाई को लग रहा है। इसे साल 2018 का दूसरा सूर्य ग्रहण बताया जा रहा है। इसके बाद अगस्त महीने में तीसरा सूर्य ग्रहण पड़ेगा। मालूम हो कि ग्रहों के बीच होने वाले इस घटनाक्रम को लेकर दो तरह के दृष्टिकोण प्रचलित हैं।
एक है खगोल विज्ञान से जुड़ा और दूसरा है ज्योतिष विज्ञान से जुड़ा दृष्टिकोण। खगोल विज्ञान में ग्रहण की वैज्ञानिक वजहों का जिक्र किया गया है। वहीं, ज्योतिष विज्ञान में ग्रहण को लेकर कई तरह की बातें कही गई हैं। आज हम आपको 13 जुलाई को लगने वाले सूर्य ग्रहण के बारे में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य बताने जा रहे हैं।
1. सबसे जरूरी बात यह है कि 13 जुलाई को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देखा।
2. यह सूर्य ग्रहण ऑस्ट्रेलिया के सुदूर दक्षिणी भागों विक्टोरिया, तस्मानिया, प्रशांत एवं हिंद महासागर में देखा जा सकेगा।
3. भारतीय समय के अनुसार, सूर्य ग्रहण सुबह 7 बजकर 18 मिनट पर शुरू होगा और 8 बजकर 13 मिनट तक रहेगा।
4. 11 अगस्त को साल 2018 का तीसरा सूर्य ग्रहण लगेगा। इसे उत्तरीय यूरोप और पूर्वी एशिया में देखा जा सकता है।
5. हिंदू कैलेंडर के अनुसार, सूर्य ग्रहण के दिन आषाढ़ महीने की अमावस्या होगी।
6. अमावस्या के चलते हिंदू लोगों के लिए यह सूर्य ग्रहण और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
7. इस बार सूर्य ग्रहण के सूतक काल का प्रभाव भारत में नहीं पड़ेगा।
8. सूर्य ग्रहण का माध्यम काल 8 बजकर 13 मिनट 05 सेकंड और मोक्ष 9 बजकर 43 मिनट 44 सेकंड पर होगा।