Morning Powerful Mantras: सुबह का समय दिन की सबसे अहम घड़ी मानी जाती है। जैसे सुबह की रोशनी अंधेरे को दूर करती है, वैसे ही सकारात्मक सोच हमारे जीवन की परेशानियों को कम कर सकती है। अगर हम अपने दिन की शुरुआत ईश्वर के नाम से करें और कुछ विशेष मंत्रों का जाप करें, तो इससे न सिर्फ हमारा मन शांत रहता है, बल्कि जीवन में ऊर्जा और खुशी भी बनी रहती है। यूं तो बहुत से लोग सुबह उठते ही मोबाइल या कामों में लग जाते हैं, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दिन की शुरुआत ध्यान, प्रार्थना और मंत्रों से होनी चाहिए। इससे हमारा मन शांत होता है, सोच सकारात्मक होती है और तनाव कम महसूस होता है। साथ ही मानसिक शक्ति और एकाग्रता भी बढ़ती है। ऐसे में आइए जानते हैं कुछ ऐसे खास मंत्रों के बारे में जिन्हें सुबह-सुबह जाप करना लाभदायक माना जाता है।
कर दर्शन मंत्र
कराग्रे वसते लक्ष्मी, करमध्ये सरस्वती।
करमूले स्थितो ब्रह्मा, प्रभाते कर दर्शनम्।।
यह मंत्र सुबह उठते के साथ ही पढ़ना चाहिए। मान्यता है कि इस मंत्र के माध्यम से हम अपने हाथों में बसे लक्ष्मी, सरस्वती और ब्रह्मा के आशीर्वाद को याद करते हैं। इससे मन में सकारात्मकता आती है और दिन अच्छा बीतता है।
पृथ्वी क्षमा मंत्र
समुद्र वसने देवी, पर्वत स्तन मंडले।
विष्णु पत्नि नमस्तुभ्यं पादस्पर्शं क्षमस्व मे।।
सुबह उठते ही जब हम धरती माता पर पांव रखते हैं, तब यह मंत्र बोलकर क्षमा मांगना चाहिए। ऐसा करने से हमें धरती माता का आशीर्वाद मिलता है और जीवन में सुख-शांति आती है।
ब्रह्मार्पण मंत्र
ब्रह्मार्पण ब्रह्म हवि: ब्रह्माग्नौ ब्रह्मणा हुतम्।
ब्रह्मैव तेन गन्तव्यं, ब्रह्म कर्म समाधिना।।
इस मंत्र का जाप ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है। अगर आप रोज सुबह इस मंत्र का जाप करें, तो आपकी एकाग्रता बढ़ती है और मन शांत रहता है। यह मंत्र विद्यार्थियों और ध्यान करने वालों के लिए बहुत उपयोगी माना जाता है।
सूर्य मंत्र
आदिदेव नमस्तुभ्यं प्रसीद मम भास्कर।
दिवाकर नमस्तुभ्यं प्रभाकर नमोऽस्तुते।।
भगवान सूर्य को सुबह नमन करना बहुत लाभकारी माना जाता है। यह मंत्र बोलते हुए सूर्य को जल अर्पण करना चाहिए। इससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है और नकारात्मकता दूर होती है।
दीप मंत्र
दीप ज्योति: पर ब्रह्म, दीप ज्योतिजनार्दन:।
दीपो हरतु मे पापं, दीप ज्योतिर्नमोऽस्तुते।।
इस मंत्र का संबंध दिव्यता और पवित्रता से है। सुबह इस मंत्र का जाप करके दीपक जलाने से हमारे आस-पास की नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है और मन में शुद्ध विचार आते हैं।
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।