Astro Upay For Glowing Skin: ग्लोइंग और चमकदार स्किन कौन नहीं चाहता। लोग इसके लिए कई तरह के प्रोडेक्ट भी यूज करते हैं। कुछ लोग तो स्किन को बेहतर बनाने के लिए घरेलू उपाय तक आजमाते हैं। लेकिन कई बार कई प्रयास करने के बावजूद भी स्किन की चमक फीकी ही रहती है। इसके पीछे हेल्थ से संबंधित कई कारण बताए जाते हैं। लेकिन ज्योतिष अनुसार स्किन की क्वालिटी ग्रहों पर भी निर्भर करती है। जानिए कैसे…
स्किन पर ग्रहों का प्रभाव: जन्म कुंडली में पहला भाव शारीरिक रचना का होता है। इसी प्रथम भाव के आधार पर व्यक्ति की त्वचा का भी पता चलता है। प्रथम भाव पर दूसरे ग्रहों का प्रभाव या फिर इस भाव पर किसी अन्य ग्रह का हावी होना भी त्वचा की चमक फिकी कर देता है। यदि जातक की जन्म कुंडली में गुरु ग्रह उच्च का होकर मजबूत स्थिति में विराजमान हैं तो व्यक्ति के चेहरे की स्किन पर एक अलग सी चमक प्रतीत होगी। इसी प्रकार जब कुंडली में चंद्र मजबूत होता है तो स्किन ग्लो करती है। सूर्य की मजबूती भी स्किन को चमक प्रदान करती है।
चमकदार स्किन के लिए ग्रहों को करें मजबूत: ज्योतिष अनुसार आप ग्रहों से संबंधित मंत्रों का उच्चारण करके, हवन करके, यंत्र पूजा करके लग्न भाव के स्वामी को मजबूत कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके चेहरे पर चमक आने के साथ-साथ आपका व्यक्तित्व भी निखरेगा। नवग्रहों की पूजा भी आपके लिए लाभकारी साबित हो सकती है। चमकदार स्किन के लिए अपनी कुंडली में शुक्र और चंद्र को मजबूत करें। इसके लिए आप दूध, मिठाई, सफेद वस्त्र, चावलों को जरूरतमंदों में दान करें। महिलाओं का सम्मान करें। चंद्र और शुक्र के सकारात्मक प्रभाव से शारीरिक खूबसूरती निखरने के साथ जीवन में सफलता भी हासिल होती है। यह भी पढ़ें- मोटापा कम करने के ज्योतिषीय उपाय
हल्दी का ज्योतिषास्त्र व आयुर्वेद दोनों में ही महत्व है। हल्दी की सहायता से ग्रहों से संबंधित समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। यदि आपकी कुंडली में गुरु कमजोर है तो आप हल्दी का प्रयोग करके उसे मजबूत कर सकते हैं। इसके लिए आप कच्चे दूध में चुटकी भर हल्दी मिलाएं और उसे चेहरे पर लगाएं। ऐसा करने से गुरु ग्रह को मजबूती मिलेगी साथ ही आपकी स्किन में भी निखार आएगा।
शनि ग्रह के कमजोर होने पर भी त्वचा की रंगत उड़ जाती है। जिसके लिए आप चंदन का इस्तेमाल कर सकते हैं। चंदन स्किन को सुंदर बनाता है। शनि ग्रह से पीड़ित है तो चंदन की जड़ को पानी में मिलाकर उस जल से रोजाना स्नान करें। ऐसा करने से शनि ग्रह मजबूत होता है जिससे चेहरे पर चमक आती है।
चमकदार स्किन के कुछ घरेलू उपाय: मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर एक पेस्ट बनाएं और इसे अपने चेहरे पर लगाएं। कुछ देर बाद अपना चेहरा साफ कर लें। इससे स्किन पर चमक आती है। शहद में नींबू का रस मिलाकर उसे रोज रात को चेहरा धोने के बाद लगाकर सो जाएं। इससे धीरे-धीरे त्वचा पर निखार आने लगता है। एलोवेरा पौधे के ताजे पल्प को रोज सुबह चेहरे पर आधे घंटे के लिए लगाएं इससे त्वचा पर मौजूद दाग-धब्बे दूर होने के साथ स्किन ग्लो भी करने लगेगी।