Shardiya Navratri 2022: शारदीय नवरात्रि 26 सितंबर यानी आज से प्रारंभ हो गए हैं और समापन 2 अक्टूबर होगा। नवदुर्गा में माता के 9 स्वरूपों की पूजा- अर्चना करने का विधान है। नवरात्रि के नौ दिनों में माता के भक्त उपवास रखते हैं। वहीं कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा के सामने अखंड ज्योति प्रज्जवलित की जाती है। शास्त्रों के अनुसार नवरात्रि में कुछ उपायों को करना भी काफी फलदायी माना जाता है। आज हम आपको कुछ ऐसे उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें नवरात्रि के दौरान करने से आदि शक्ति के साथ मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…
लगाएं मुख्य द्वार पर बंदनवार
नवरात्रि के पहले दिन घर के मख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों का बंदनवार बांधना चाहिए। ऐसा करने से घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। साथ ही वास्तु दोष भी दूर होता है।
बनाएं स्वास्तिक का चिह्न
नवरात्रि 9 दिन रोजाना घर के मुख्य द्वार पर दोनों तरफ सिंदूर से स्वास्तिक का चिह्न बनाएं और हल्दी मिला हुआ जल अर्पित करें। ऐसा करने से घन आगमन के मार्ग बनेंगे। साथ ही मां दुर्गा का आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।
मां लक्ष्मी का होगा आगमन
नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के कदमों के निशान घर के अंदर की तरफ जाते हुए लगाएं। निशान लगाने से आपके घर पर मां लक्ष्मी का आगमन होगा। साथ ही धन में वृद्धि होगी।
लाल रंग की पताका करें भेंट
नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए देवी मंदिर जाकर लाल रंग की पताका भेंट करें। इससे आपकी हर इच्छा पूरा होगी। साथ ही रुके हुए काम बनेंगे।
नौकरी और व्यापार में आ रही अड़चनें होंगी दूर
नवरात्र में आप पान की पत्तियों के दोनों तरफ सरसों का तेल लगाकर मां दुर्गा को चढ़ा दें। इसके बाद इस पत्ते को अपने सिरहाने रख कर सोएं। नौकरी और व्यापार में आ रही अड़चनें दूर होंगी।
दुर्गा सप्तशती का करें पाठ
नवरात्रि के पूरे 9 दिनों तक माता के बीज मंत्रों और दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। इससे माता के आशीर्वाद से आपके सभी काम बनेंगे। साथ ही आरोग्य की प्राप्ति होगी।