Navratri Don’ts : नवरात्र के त्योहार को परम पावन माना जाता है। कहते हैं कि इस महापर्व के दौरान शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति इन नौ दिनों के दौरान पवित्रता का ध्यान नहीं रखता है उस व्यक्ति को देवी दुर्गा के प्रकोप का भागी बनना पड़ता है। विशेष रुप से जो लोग अपने घरों में घट स्थापना या कलश स्थापना करते हैं और साथ ही नवरात्र का व्रत रखते हैं उन्हें गलती से भी कुछ कार्यों को नहीं करना चाहिए।
जीव हत्या – जीव हत्या करना पाप है। लेकिन नवरात्र के पावन पर्व के दौरान जीव हत्या करने वाले व्यक्ति को महापापी माना जाता है। कहते हैं कि इन दिनों में जो व्यक्ति जीव हत्या करता है वह सदा-सदा के लिए नरकों में वास करता है।
झूठ न बोलें – झूठ बोलना बुरी आदत है। कहते हैं कि जो व्यक्ति नवरात्र के व्रत रखता है और देवी की उपासना करता है उसे झूठ नहीं बोलना चाहिए। देवी दुर्गा झूठ पसंद नहीं करती हैं। उन्हें सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति प्रिय होता है।
बाल कटवाना – नवरात्र के दौरान बाल कटवाने की मनाही होती है। बताया जाता है कि इस दौरान बाल कटवाने से पाप लगता है। ऐसा करने से घर में स्थापित देवी क्रोधित हो जाती हैं। इसलिए इन नौ दिनों में बाल कटवाना मना किया गया है।
नाखून काटना – नाखूनों को अशुद्ध और अपवित्र माना जाता है। इसलिए अगर आपको नाखून काटने हैं तो आप नवरात्र शुरू होने से पहले ही काट लें। वरना नवरात्र के पावन पर्व के संपन्न होने का इंतजार करें।
प्याज-लहसुन – नवरात्र के दौरान किसी भी तामसिक वस्तु का सेवन करना मना होता है। आमतौर पर लोग प्याज-लहसुन खा लेते हैं। लेकिन शास्त्रों की मानें तो यह कहा जाता है कि नवरात्र के दौरान प्याज लहसुन नहीं खाना चाहिए।
मांस-मदिरा का सेवन – नवरात्र के दौरान मांस-मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। कहते हैं कि देवी दुर्गा उसी घर में निवास करती है जिस घर में पवित्रता होती है। ऐसा माना जाता है कि जिन घरों में मांस मदिरा का सेवन किया जाता है उनके घर की पवित्रता का नाश हो जाता है। इसलिए मांस-मदिरा का सेवन न करें।