Shankh Rakhne ke Niyam: हमारे घर में वास्तु का विशेष प्रभाव पड़ता है। यही वजह है कि हमें घर में हर चीज वास्तु के अनुसार रखनी चाहिए। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हम वास्तु की चीजों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे जीवन में कई परेशानियां आने लगती हैं। इसी प्रकार से घर में पवित्र शंख को रखने को लेकर वास्तु शास्त्र में कुछ नियम बताए गए हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर इसे सही तरीके से रखा और इस्तेमाल किया जाए, तो इससे घर में खुशहाली और पॉजिटिव एनर्जी आती है। इसके साथ ही माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि वास्तु के अनुसार शंख को घर में क्यों और कैसे रखना चाहिए, आपको इसे कहां रखना चाहिए और इसके क्या फायदे होते हैं।
शंख के प्रकार
शंख मुख्य रूप से दो प्रकार के होते हैं। एक दक्षिणावर्ती शंख, जिसका मुंह दाईं तरफ खुलता है। इसे मां लक्ष्मी का रूप माना जाता है और इस शंख को पूजा में इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, दूसरा वामावर्ती शंख है। इसका मुंह बाईं तरफ खुलता है। यह भगवान शिव को समर्पित होता है और बहुत दुर्लभ होता है। इसे घर में रखने से पहले किसी जानकार पंडित से सलाह जरूर लेना चाहिए।
शंख को कहां और कैसे रखें?
वास्तु के अनुसार, शंख को हमेशा घर के पूजा स्थान या घर के उत्तर-पूर्व दिशा यानी कि ईशान कोण में रखना चाहिए। शंख रखने से पहले उस जगह को साफ करें और पवित्र बनाएं। शंख को सीधे जमीन पर न रखें। इसे किसी साफ कपड़े या स्टैंड पर रखें। वास्तु कहता है कि शंख का मुंह हमेशा ऊपर की तरफ होना चाहिए। इससे घर में पॉजिटिव एनर्जी फैलती है।
पूजा वाले शंख को न बजाएं
वास्तु के अनुसार, जिस शंख का इस्तेमाल पूजा में होता है, उसे कभी नहीं बजाना चाहिए। पूजा के लिए एक शंख और बजाने के लिए दूसरा शंख रखना चाहिए। पूजा वाले शंख में गंगाजल या पानी भरकर भगवान को स्नान करवाएं और इसे भी पानी भरकर ही रखें।
शंख बजाने के सही नियम
सुबह और शाम पूजा के समय शंख जरूर बजाएं। शंख की आवाज से घर में सुख-शांति आती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। शंख को केवल पूजा स्थान पर ही बजाएं। इसे रसोई, बेडरूम या किसी अशुद्ध जगह पर न बजाएं।
शंख बजाने से पहले बोलें ये मंत्र
शंख बजाने से पहले ‘ॐ’ का उच्चारण करें। लक्ष्मी पूजा के समय ‘ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करें।
शंख से जुड़े जरूरी नियम
शंख को हमेशा साफ और पवित्र जगह पर रखें। हर बार बजाने के बाद इसे साफ पानी से धोकर रखें। शंख का इस्तेमाल व्यक्तिगत न करें। महिलाएं मासिक धर्म के दौरान शंख को न छुएं।
घर में शंख रखने के फायदे
वास्तु के अनुसार, सही दिशा में शंख रखने से घर में वास्तु दोष खत्म होता है। शंख से पूरे घर में सकारात्मक ऊर्जा फैलती है। शंख को लक्ष्मी मां का प्रतीक माना जाता है, ऐसे में इसे घर में रखने से धन और समृद्धि का आगमन होता है। इसके अलावा शंख के पानी से घर में छिड़काव करने से घर शुद्ध होता है और बीमारियां दूर रहती हैं। इसकी आवाज से मन को शांति मिलती है और तनाव कम होता है। वहीं, शंख का पानी आयुर्वेद में बहुत पवित्र माना गया है। ऐसा माना जाता है कि इसे पीने से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है।
यह भी पढ़ें…
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।