Shani Sade Sati 2021: साल 2020 को खत्म होने में अब केवल कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। नया साल यानी 2021 को लेकर लोग अभी से ही बेहद उत्साहित हैं। इस साल कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण साल के 9 महीने घर बैठे और वर्क फ्रॉम होम करते हुए ही निकल गए। ऐसे में हर व्यक्ति यही उम्मीद कर रहा है कि नया साल लोगों के लिए शुभ समाचार लेकर आएगा।
ज्योतिष शास्त्र में शनिदेव को न्याय प्रिय देवता के रूप में पूजा जाता है। लोग ऐसा सोचते हैं कि शनि साढ़ेसाती का प्रभाव हमेशा नकारात्मक ही होता है। हालांकि, ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मनुष्यों को वैसा ही फल प्राप्त होता है, जिस प्रकार के उनके कर्म होते हैं।
माना जाता है कि अगर शनि महाराज कुपित हो उठते हैं तो राजा को रंक बना सकते हैं। शनि के बुरे प्रभाव से व्यक्ति को व्यापार, नौकरी से लेकर वैवाहिक जीवन तक में दिक्कतें आने लगती हैं। लेकिन अगर शनि मजबूत हैं तो ये व्यक्ति को इन सब क्षेत्रों में अपार सफलताएं भी दिलाते हैं।
साल 2021 में कैसी रहेगी शनि ग्रह की स्थिति: नए साल में शनि देव मकर राशि में ही रहेंगी, पूरे साल वो किसी भी दूसरी राशि में प्रवेश नहीं करेंगे। हालांकि, इस दौरान उनका नक्षत्र परिवर्तन जरूर होगा। 22 जनवरी को शनि महाराज श्रावण नक्षत्र में गोचर करेंगे।
किन पर होगी साढ़ेसाती: शनि साढ़ेसाती की वजह से अक्सर लोग परेशान रहते हैं। मगर कभी-कभी ये शुभदायक भी हो सकते हैं। साल 2021 में धनु राशि के लोगों पर शनि की उतरती हुई साढ़ेसाती रहेगी। इससे उन्हें शुभ समाचार सुनने को मिलेंगे। हालांकि, मकर राशि में साढ़ेसाती के कारण लोगों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। खर्च बढ़ सकता है और मनचाहा परिणाम न मिलने से झुंझलाहट बढ़ेगी। कुंभ राशि वालों को साढ़ेसाती के प्रभाव से खराब सेहत से जूझना पड़ सकता है। व्यापार में मिले-जुले परिणाम मिलेंगे।
ढैय्या से प्रभावित होंगे ये लोग: ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मिथुन व तुला राशि के जातकों पर शनि की ढैय्या रहेगी।
क्या हैं शनि दोष से बचने के उपाय: विद्वानों के मुताबिक रोज पीपल के पेड़ की जड़ में जल चढ़ाएं। साथ ही, संध्याकाल में पेड़ के पास सरसों के तेल का दीपक जलाएं। माना जाता है कि शनि साढ़ेसाती के दौरान जो व्यक्ति पक्षियों की सेवा करता है। उस पर शनिदेव की कृपा बरसती है। ऐसे व्यक्ति के जीवन पर शनि साढ़ेसाती का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। कहते हैं कि जो असहाय लोगों का सहारा बनता है उस पर शनि देव विशेष कृपा बरसाते हैं।