Pratiyuti Yog 2025: हर साल सावन पूर्णिमा के दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। इस साल 9 अगस्त को राखी का पर्व मनाया जा रहा है। इस साल रक्षाबंधन पर गजलक्ष्मी, नवपंचम, समसप्तक, सर्वार्थ सिद्धि से लेकर कई बड़े योगो का निर्माण होने वाला है। ऐसे ही नवग्रह में से सबसे शक्तिशाली कहे जाने वाले शनि भी इस दिन मंगल के साथ संयोग करके प्रतियुति योग बना रहे हैं, जिससे कुछ राशि के जातकों को विशेष लाभ मिल सकता है। बता दें कि इस समय मंगल कन्या राशि में और शनि वक्री अवस्था में मीन राशि में विराजमान है, जिससे कुछ राशि के जातकों को किस्मत का साथ मिल सकता है। आकस्मिक धन लाभ के साथ भाई-बहन का समय अच्छा बीतेगा। आइए जानते हैं भाग्यशाली राशियों के बारे में…
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दिन ग्रहों के सेनापति डबल राजयोग का निर्माण कर रहे हैं। जहां पर एक ओर वह शनि के साथ संयोग करके प्रतियुति योग बना रहे हैं, तो अरुण के साथ संयोग करके नवपंचम राजयोग का निर्माण कर रहे हैं। इस दिन यानी 9 अगस्त को सुबह 12 बजकर 10 मिनट पर मंगल और अरुण एक-दूसरे से 120 डिग्री पर होंगे, जिससे नवपंचम राजयोग का निर्माण होगा। इसके साथ ही मंगल सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर मंगल और शनि एक-दूसरे से 180 डिग्री पर होंगे, जिससे प्रतियुति योग बन रहा है।
तुला राशि (Libra Zodiac)
शनि-मंगल का प्रतियुति योग इस राशि के जातकों के लिए कई क्षेत्रों में लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इस समय मंगल आपकी राशि के 12वें भाव में विराजमान रहेंगे। ऐसे में इस राशि के जातकों को कई क्षेत्रों में अपार सफलता हासिल हो सकती है। आपको जीवन में एक नई दिशा मिल सकती है। यदि आप निवेश की योजना बना रहे हैं, तो यह समय उपयुक्त है। यह निवेश आने वाले समय में आपके बिज़नेस को बढ़ाने या भविष्य को सुरक्षित बनाने में मदद करेगा। इस योग के प्रभाव से विदेश यात्रा के अवसर भी प्राप्त हो सकते हैं। चूंकि व्यापार भाव के स्वामी मंगल 12वें भाव से शनि को देखेंगे, इसलिए ट्रैवल, टूरिज्म या विदेशी व्यापार से लाभ की संभावना है। विदेश में नौकरी करने का सपना भी साकार हो सकता है। इसके साथ ही धार्मिक और तीर्थ यात्राओं के योग भी बन रहे हैं।
मीन राशि (Pisces Zodiac)
मीन राशि के जातकों के लिए प्रतियुति योग काफी लाभकारी हो सकता है। इस राशि में शनि लग्न भाव में वक्री अवस्था में विराजमान है। इसके साथ ही शनि की साढ़ेसाती का दूसरा चरण चल रहा है। रक्षाबंधन के दौरान शनि वक्री अवस्था में रहेंगे, जिससे नकारात्मक प्रभावों में कुछ कमी आ सकती है। इस अवधि में आपकी मेहनत का उचित फल मिलने की संभावना है। व्यापार, धन, नौकरी, परिवार या बच्चों की शिक्षा आदि क्षेत्रों में लाभ के अवसर मिल सकते हैं। जो निर्णय आप अब तक नहीं ले पा रहे थे, इस समय आप उन्हें दृढ़ता से ले पाएंगे, क्योंकि शनि लग्न भाव को सशक्त करेंगे। इससे आपके व्यक्तित्व में मजबूती और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशों से जुड़कर यदि आप कोई नया कार्य या व्यवसाय शुरू करते हैं, तो उसमें विशेष सफलता प्राप्त होने के योग हैं।
मेष राशि (Aries Zodiac)
मेष राशि के लिए इस समय मंगल छठे भाव में स्थित रहेंगे, जिन पर शनि की दृष्टि भी पड़ेगी। ऐसे में शमि-मंगल का प्रतियुति योग इस राशि के जातकों को भी कई क्षेत्रों में लाभ दिला सकता है। हालांकि, कुछ मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें। इस राशि में शनि साढ़े साती का पहला चरण चल रहा है। ऐसे में शनि की प्रतियुति इस राशि के जातकों को विशेष लाभ मिल सकता है। इस योग के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार करने वाले जातकों को विशेष लाभ के अवसर मिलेंगे। विदेश में चल रहे कारोबार से अच्छा-खासा मुनाफा प्राप्त हो सकता है। आयात-निर्यात के क्षेत्र में भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। मंगल अपनी चौथी दृष्टि से आपके नौवें भाव को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे भाग्य का पूरा साथ मिलने के योग हैं। लंबे समय से अटके कार्य पूरे हो सकते हैं, आत्मविश्वास बढ़ेगा और मेहनत व लगन के बल पर आप कई क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकते हैं।
अगस्त माह का पहला सप्ताह कई राशि के जातकों के लिए खास हो सकता है। इस सप्ताह बुध कर्क राशि में उदित होने वाले हैं। इसके अलावा इस सप्ताह समसप्तक, षडाष्टक, गजलक्ष्मी, नवपंचम, महालक्ष्मी जैसे राजयोगों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में कुछ राशि के जातकों को इस सप्ताह विशेष लाभ मिल सकता है। आइए जानते हैं मेष से लेकर मीन राशि तक के जातकों का कैसा बीतेगा ये सप्ताह। जानें साप्ताहिक राशिफल
डिसक्लेमर- इस लेख को विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।