Shani Jayanti 2020: भगवान सूर्य और देवी छाया के पुत्र शनिदेव को क्रूर ग्रह माना जाता है। लेकिन न्यायप्रिय देवता शनि अच्छे कर्म करने वाले लोगों को सुखद व बुरे कर्म करने वालों को बुरा फल देते हैं। ज्येष्ठ माह की अमावस्या को शनि जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस बार शनिदेव का जन्मोत्सव 22 मई को मनाया जाएगा। ऐसा माना जाता है कि शनि दोष से पीड़ित लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार अनजाने में भी लोग कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जिनसे शनिदेव कुपित हो जाते हैं। हिंदू धर्म में शनि देवता भी हैं और नवग्रहों में प्रमुख ग्रह भी जिन्हें ज्योतिषशास्त्र में बहुत अधिक महत्व मिला है। ऐसा माना जाता है कि वो अपनी दृष्टि मात्र से राजा को भी रंक बना सकते हैं। आइए जानते हैं शनि दोष से बचने के लिए कौन से उपाय हो सकते हैं लाभदायक-
क्या होता है शनि दोष: शनि देव बहुत ही धीमी चाल से चलते हैं, ऐसे में जब किसी व्यक्ति की कुंडली में शनि अशुभ भाव में आ जाते हैं तो शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या शुरू हो जाती है। इस वजह से लोगों को कई दुख भोगने पड़ते हैं। इसे ही शनि दोष कहा गया है। इसके अलावा, जातक की कुंडली में शनि किस अवस्था में ये भी शनि दोष की ओर संकेत करता है।
बता दें कि जब शनि आठवें या चौथे स्थान में हो तो यह अवस्था शनि की ढ़ैय्या कहलाती है। इस दौरान जातक को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक तौर पर काफी हानि उठानी पड़ती हैं। वहीं, प्रथम, द्वितीय या द्वादश स्थान में शनि की उपस्थिति को साढ़ेसाती कहा जाता है।
शनि जयंती पर करें ये उपाय: शनि के दोष से बचने या उसका प्रभाव कम करने के लिए शनिदेव पूजा करनी चाहिए और तेल और उड़द का दान करना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन हनुमान जी की पूजा करने से भी शनिदेव प्रसन्न होते हैं। शनि जयंती के दिन 10 बादाम लेकर हनुमान मंदिर में जाएं। 5 बादाम वहां रख दें और 5 बादाम घर लाकर किसी लाल वस्त्र में बांधकर धन स्थान पर रख दें। माना जाता है कि ऐसा करने से न्याय के दंडाधिकारी शनिदेव भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।
इसके अलावा, ये भी माना जाता है कि इस दिन शनि मंत्र का जाप करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। अगर शनि दोष के कारण शादी में अड़चन आ रही है तो मान्यता के अनुसार 250 ग्राम काली राई, नए काले कपड़े में बांधकर पीपल के पेड़ की जड़ में रख आएं और शीघ्र विवाह की प्रार्थना करें।
इनसे भी हो सकता है फायदा: मान्यता है कि शनि जयंती के दिन किसी काले रंग के पशुओं को चारा खिलाने से भगवान शनि भक्तों की सारी तकलीफें दूर कर देते हैं। इस दिन गेहूं में थोड़े काले चने मिलाकर पिसवाएं। कहा जाता है कि ऐसा करने से लोगों का आर्थिक पक्ष मजबूत होता है। आप काले घोड़े की नाल या नाव की कील से बनी लोहे की अंगूठी को अपनी बीच वाली उंगली में शनि जयंती को सूर्यास्त के समय पहन सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से कुंडली में शनि ग्रह बलवान होता है।
