Shani ko Majboot Karne ke Upay: अक्सर लोग शनि ग्रह का नाम सुनते ही घबरा जाते हैं। उन्हें लगता है कि शनि हमेशा बुरे परिणाम ही देते हैं, लेकिन यह सच नहीं है। हिंदू धर्म में शनि को न्याय का देवता कहा जाता है, जो इंसान को उसके कर्मों के हिसाब से फल देते हैं। ज्योतिष की मानें तो अच्छे कर्म करने वाले जातकों को शनि देव शुभ फल प्रदान करते हैं और बुरे काम करने वालों को शनिदेव दंड देने से भी पीछे नहीं हटते। वहीं,अगर शनिदेव किसी जातक की कुंडली में अशुभ स्थिति में बैठे हों तो इससे व्यक्ति के जीवन में कई समस्याएं आने लगती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कुंडली में शनि के कमजोर होने पर क्या संकेत मिलते हैं साथ ही, जानिए इससे बचने के उपाय।
शनि की साढ़ेसाती
शनि की साढ़ेसाती का नाम सुनकर लोग परेशान हो जाते हैं। लेकिन असल में यह समय इंसान को मजबूत बनाने और सिखाने के लिए आता है। यह कुल साढ़े सात साल का होता है और इसे तीन हिस्सों में बांटा जाता है। पहले ढाई साल मानसिक तनाव और उलझनों का समय होता है, जहां इंसान को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। बीच के ढाई सालों में इंसान को समझ आता है कि असली दोस्त कौन है और कौन नहीं। वहीं, अंतिम ढाई सालों में बहुत मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन इसका अच्छा फल भविष्य में जरूर मिलता है। अगर आप मेहनती और ईमानदार हैं, तो साढ़ेसाती भी आपको तरक्की दिला सकती है। लेकिन अगर आप मेहनत से जी चुराते हैं, तो यह समय आपके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
कमजोर शनि के लक्षण
जब किसी की कुंडली में शनि कमजोर स्थिति में हैं, तो उसकी जिंदगी में कई परेशानियां आती हैं। ऐसे लोग अक्सर गलत संगति में पड़ जाते हैं और शराब-सिगरेट जैसी बुरी आदतों का शिकार हो सकते हैं। बार-बार पैसे का नुकसान होना, मेहनत करने के बाद भी सफलता न मिलना, नौकरी या बिजनेस में दिक्कतें आना और घर-परिवार में अशांति रहना कमजोर शनि के संकेत होते हैं। ऐसे लोग दूसरों से धोखा भी खा सकते हैं और उनकी मेहनत का सही फल उन्हें नहीं मिल पाता।
शनि को मजबूत करने के आसान उपाय
अगर शनि आपको परेशान कर रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान उपाय करके आप शनि की कृपा पा सकते हैं। शनि को मजबूत करने का सबसे अचूक उपाय तो यही है कि हमेशा मेहनत करें और ईमानदारी से काम करें। आलस्य और धोखाधड़ी से बचें। शनि को प्रसन्न करने के लिए दान करना बहुत लाभदायक होता है। शनिवार के दिन काले तिल, काले अंगूर, चाय पत्ती, सरसों का तेल और गुलाब जामुन का दान करें। इस दिन पीपल के पेड़ की पूजा करें और वहां दीपक जलाएं। गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करें और उनका दिल कभी न दुखाएं। घर में जूते-चप्पल सही जगह पर रखें। घर की पश्चिम दिशा को हमेशा साफ-सुथरा रखें। अपने पूर्वजों को याद करें और उनके लिए तर्पण करें।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।