Shiva mantra in hindi: सावन का महीना शिव भक्तों के लिए बेहद खास होता है। क्योंकि इस महीने को भगवान शिव का प्रिय माना गया है। मान्यताओं अनुसार इस महीने शिव भगवान की अराधना करने से वे जल्द ही प्रसन्न हो जाते हैं और अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। इन दिनों बड़े-बड़े अनुष्ठान किये जाते हैं। सावन के महीने में आने वाले सावन सोमवार का भी विशेष महत्व होता है। खासकर सावन सोमवार वाले दिन लोग भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना करते हैं। पूजा के दौरान कई मंत्रों का जाप भी किया जाता है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं शिव के वो प्रभावशाली मंत्र, जिनका जाप करके आप उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं…

शिवा मंत्र(Lord Shiva mantra):
1. शिव जी का मूल मंत्र – ऊँ नम: शिवाय
इस मंत्र का अर्थ होता है कि ‘हे शिव, मैं आपको बार बार नमन करता हूँ’। इस मंत्र का जाप करने से हर प्रकार की समस्या से छुटकारा मिलता है। शिवमहापुराण में इस बात का वर्णन किया गया है कि इस मंत्र की महिमा का विस्तार 100 करोड़ सालों में भी नहीं किया जा सकता है।

2. महामृत्युंजय मंत्र – ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्
उर्वारुकमिव बन्धनान मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
इसका अर्थ होता है कि हम तीन नेत्र वाले शिव से प्रार्थना करते हैं कि जिस प्रकार एक ककड़ी पक जाने के बाद बेल से अपने आप ही अलग हो जाती है। उसी प्रकार मानव रूपी जीवन से हमें मुक्त करके आप हमें मोक्ष प्रदान करें। इस मंत्र का जो व्यक्ति नित्य रूप से  जाप करता है वह मृत्यु पर विजय पा लेता है। इस मंत्र को वैदिक मंत्रों में सबसे सर्वोच्च माना जाता है।

3. महामृत्युंजय गायत्री मंत्र – ॐ हौं जूं सः ॐ भूर्भुवः स्वः ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्द्धनम्‌।
उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्‌ ॐ स्वः भुवः ॐ सः जूं हौं ॐ ||
हिन्दू धर्म में गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र दोनों को ही सबसे ऊपर माना जाता है। यदि इनमें से किसी का भी जाप सवा लाख बार किया जाता है तो किसी भी इच्छा को पूर्ण किया जा सकता है। हमारे ऋषि मुनियों ने दोनों मंत्र मिलाकर एक नया मंत्र बनाया था जिसे मृत संजीवनी मंत्र कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि यदि इसका जाप विधि अनुसार किया जाए तो एक मृत व्यक्ति को भी जीवित किया जा सकता है।

4. रूद्र गायत्री मंत्र – ॐ तत्पुरुषाय विदमहे, महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्र: प्रचोदयात्।
इस मंत्र के जाप से सभी प्रकार की कठिनाइयां दूर हो जाती हैं। यदि आप शिव मंदिर जाकर विधि से पूजा कर इस मंत्र का जाप करते हैं तो आपकी सारी समस्याएं स्वयं ही दूर हो जाएंगी।

शिव के अन्य प्रभावषाली मंत्र:
1. ओम साधो जातये नम:
2. ओम वाम देवाय नम:
3. ओम अघोराय नम:
4. ओम तत्पुरूषाय नम:
5. ओम ईशानाय नम: