Sawan Somwar 2023 Date: हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन मास का पहला सोमवार आज पड़ रहा है। आज के दिन भगवान शिव की विधिवत पूजा करने के साथ व्रत करने का विधान है। हिंदू धर्म में सावन मास को पवित्र महीना माना जाता है। इस पूरे माह भगवान शिव की पूजा करने का विधान है। सावन मास में पड़ने वाला हर सोमवार भी खास माना जाता है। इस दिन शिव जी की पूजा करने से विशेष फलों की प्राप्ति होती है। इस बार सावन के पहले सोमवार को पंचक का साया है। जानिए सावन का पहला सोमवार कब है। इसके साथ ही मुहूर्त और महत्व।

सावन का पहला सोमवार 2023 कब?

हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण मास 4 जुलाई 2023 से आरंभ हो गया था, जो 31 अगस्त को समाप्त हो रहा है। इस मास अधिक मास होने के कारण सावन मास पूरे 59 दिन का होगा। इसके साथ ही पूरे 8 सावन सोमवार पड़ रहे हैं। बता दें कि सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई 2023 को पड़ रहा है। वहीं आखिरी सावन सोमवार 28 अगस्त 2023 को पड़ रहा है।

सावन के पहले सोमवार में पंचक का साया

सावन मास के पहले सोमवार में पंचक का साया रहेगा। दरअसल, 6 जुलाई 2023 को दोपहर 01 बजकर 38 मिनट से पंचक शुरू हुए थे, जो 10 जुलाई, सोमवार को शाम 6 बजकर 59 मिनट पर समाप्त हो रहे हैं। ऐसे में पूरे दिन पंचक का साया रहेगा। ज्योतिषचार्यों के अनुसार, ये पंचक गुरुवार के दिन से शुरू होने के कारण हानिकारक नहीं है। इसलिए बिना किसी असंजस के पूजा-अर्चना कर सकते है।

सावन के पहले सोमवार का शुभ मुहूर्त

सावन सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा करने के साथ अभिषेक करना अच्छा माना जाता है। इसके साथ ही रुद्राभिषेक करने से हर समस्या दूर हो जाती है। सावन के पहले को सुबह के साथ-साथ शाम के समय पूजा करना लाभकारी हो सकता है। इस दिन शिव पूजा का शुभ मुहूर्त शाम को 5 बजकर 38 मिनट से 7 बजकर 22 मिनट तक है।

सावन सोमवार का महत्व

इस साल सावन मास का विशेष महत्व है। क्योंकि इस बार अधिक मास के कारण सावन माह पूरे 2 मास का है। जहां सावन मास में भगवान शिव की पूजा की जाती है। वहीं, अधिक मास भगवान विष्णु से संबंधित है। ऐसे में सावन में दोनों देवताओं का पूजा करने का फल प्राप्त होगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जिन लोगों की शादी होने में किसी न किसी तरह की अड़चन आ रही है, तो सावन सोमवार का व्रत रखना लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इसके साथ ही वैवाहिक जीवन में खुशियां ही खुशियां आती है।

सावन सोमवार 2023 की तिथियां

सावन का पहला सोमवार: 10 जुलाई
सावन का दूसरा सोमवार: 17 जुलाई
सावन का तीसरा सोमवार: 24 जुलाई
सावन का चौथा सोमवार: 31 जुलाई
सावन का पांचवा सोमवार: 07 अगस्त
सावन का छठा सोमवार:14 अगस्त
सावन का सातवां सोमवार: 21 अगस्त
सावन का आठवां सोमवार: 28 अगस्त