Mauna Panchami 2023: श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि के दिन मौना पंचमी का व्रत रखा जाता है। इस साल यह व्रत 7 जुलाई 2023 को पड़ रहा है। बिहार राज्य में इसे नागपंचमी के रूप में भी मनाते हैं। मौना पंचमी के मौके पर भक्त मौन रहकर व्रत रखते हैं। इसके साथ ही भगवान शिव के साथ नाग देवता की पूजा करते हैं। इस दिन व्रत रखने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है और हर समस्या से निजात मिल जाती है। आइए जानते हैं मौना पंचमी की का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्व।
मौना पंचमी 2023 तिथि
पंचांग के अनुसार, सावन के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि 07 जुलाई 2023 को सुबह 03 बजकर 12 मिनट पर शुरू होगी और 08 जुलाई 2023 को सुबह 12 बजकर 17 मिनट पर खत्म होगी। ऐसे में मौना पंचमी का व्रत 7 जुलाई को रखा जा रहा है।
मौना पंचमी 2023 शुभ मुहूर्त
मौना पंचमी के दिन प्रात:काल का मुहूर्त- सुबह 05 बजकर 29 मिनट से 08 बजकर 58 मिनट तक।
दोपहर का मुहूर्त- दोपहर 12 बजकर 26 मिनट से 02 बजकर 10 मिनट तक।
शाम का मुहूर्त– शाम 06 बजकर 39 मिनट से 07 बजकर 23 मिनट तक।
मौना पंचमी 2023 महत्व
हिंदू धर्म में मौना पंचमी का विशेष महत्व है। यह व्रत खासकर बिहार,झारखंड आदि में रखा जाता है। माना जाता है कि मौना पंचमी व्रत रखने से काल सर्प दोष से निजात मिल जाती है। इसके साथ ही काल का डर भी खत्म हो जाता है। इसके साथ ही संतानहीन व्यक्ति को संतान की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही वैवाहिक जीवन में खुशियां ही खुशियां बनी रहती है।
मौना पंचमी 2023 पूजा विधि
मौना पंचमी के दिन शिव की पूजा करने के साथ नाग देवता की पूजा करने का विधान है। माना जाता है कि नवविवाहित महिलाएं इस दिन मौन रखकर व्रत रखती हैं और नाग देवता की विधिवत पूजा करती है। इसके साथ ही नाग देवता को घी, सूखे फल, फूल, माला, दूध आदि चढ़ाते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।