हिंदू धर्म में सावन के महीने को बहुत पवित्र और पावन माना जाता है।  सावन में ही देवता और असुरों ने समुद्र मंथन किया था और उसमें से निकले हलाहल विष को पीकर शिवजी ने मानव जाति का कल्‍याण किया था।  इस पूरे महीने में शिव भक्त भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और पूजा- अर्चना करते हैं। साथ ही मंदिर जय शिव शंकर के जयकारों से गूंज उठते हैं। लेकिन क्या आपको पता हैं इस महीने में सपने में भगवान शिव, शिवलिंग, त्रिशूल या अन्य चीजों को देखना कैसा माना जाता है। मतलब उसका आपको क्या फल प्राप्त होता है। आइए जानते हैं…

सपने में शिवलिंग के दर्शन करना
श्रावण मास में सपने में शिवलिंग को देखना शुभ माना जाता है। ऐसा होना साक्षात भोलेनाथ शिव के दर्शन होने के समान है। यह इस बात का सूचक है कि भोलेनाथ आपकी भक्ति से प्रसन्न हैं और जल्दी आपको कोई शुभ सूचना मिल सकती है। अगर कोई कुंवारी कन्या सपने में शिवलिंग के दर्शन करती है तो समझो उसको विवाह का प्रस्ताव आने वाला है। सपने अगर आपको शिवालय नजर आ जाए तो इसका मतलब है आपकी मनोकामना भी पूर्ण होगी और आपकी दिक्‍कते भी दूर होंगी।

त्रिशूल दिखाई देना
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव जी के त्रिशूल के तीन शूलों को काम, क्रोध और लोभ का कारक माना गया है। इसलिए सपने में त्रिशूल को देखना बेहद शुभ माना जाता है। साथ ही आपके सभी कष्ट दूर होने वाले हैं। साथ ही पौराणिक मान्‍यताओं के मुताबिक, सृष्टि की रचना के वक्‍त भगवान शिव ने डमरू बजाकर ही 14 स्‍वर निकाले थे। इसलिए डमरू की ध्‍वनि को बेहद खास माना जाता है।

सपने में नाग का दिखाई देना
नाग भोलेनाथ का गहना है। इसलिए सपने में साप देखना बहुत शुभ माना जाता है। कहते हैं कि सपने में सांप दिखना धन वृद्धि का संकेत माना जाता है।

नंदी के दर्शन होना
शिव पुराण के अनुसार नंदी को शिवजी का गण माना गया है और यह उनके वाहन भी हैं। इसलिए श्रावण मास में नंदी के साक्षात दर्शन होना भी मंगलकारी माना जाता है। नंदी का सपने में दिखना इस बात का संकेत है कि आपको हर कार्य में सफलता मिलेगी। साथ ही आपको संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिल सकता है।