शनि सौरमंडल का सबसे धीमी गति से चलने वाला ग्रह होता है। यह एक राशि में तकरीबन ढाई वर्षो तक स्थित रहता है। कर्मफलदाता शनि देव की बात करें तो इनके बारे में मान्यता है कि यह बेहद क्रूर ग्रहों में से एक हैं। हालांकि असल में इन्हें ‘कर्म कारक’ क्रिया प्रधान ग्रह माना गया है।
शनि के स्वामित्व की बात करें तो शनि 12 राशियों में से दो राशियों मकर और कुंभ का स्वामी है। यह दोनों ही राशियां धनिष्ठा नक्षत्र के तहत आती है और 18 फरवरी को शनि इसी धनिष्ठा नक्षत्र में गोचर कर जाएगा और इसके बाद लगभग 13 महीनों तक इसी नक्षत्र में रहने वाला है। वैदिक पंचांग के अनुसार शनि अभी तक श्रवण नक्षत्र में संचरण कर रहे थे।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार श्रवण नक्षत्र में शनि देव का गोचर बीते 22 जनवरी 2021 को हुआ था। गोचर काल के इस दौरान शनि वक्री भी होगा और मार्गी भी हो जाएगा, कुंभ राशि में जाएगा, और मकर राशि में वापस आएगा। लेकिन इन सभी परिवर्तनों के दौरान जो एक चीज समान रहने वाली है वह है धनिष्ठा नक्षत्र में शनि की स्थिति।
क्या है धनिष्ठा नक्षत्र: धनिष्ठा नक्षत्र का स्वामी मंगल है और इसका संबंध धनवान, वित्तीय लाभ, धन का प्रसार, वित्त क्षेत्र में समृद्धि और सकारात्मकता आदि से जोड़कर देखा जाता है। इसके अलावा धनिष्ठा नक्षत्र अष्ट वसु द्वारा शासक नक्षत्र है और यह प्रकृति के 8 तत्व का प्रतीक भी होता है। माना जाता है कि यह नक्षत्र रचनात्मकता से संबंधित संगीत और नृत्य का प्रतिनिधित्व करता है। आइए जानते हैं धनिष्ठा नक्षत्र में होने वाले शनि के इस गोचर का राशियों पर क्या कुछ प्रभाव पड़ने वाला है।
मेष राशि: इस राशि के जातकों को जीवन में स्थिरता प्राप्त होगी। लंबे समय से इंतजार कर रहे जातकों को प्रमोशन या कार्यक्षेत्र में आधिकारिक पद भी हासिल हो सकता है। विदेश यात्रा या विदेश में संपत्ति खरीदने के बारे में विचार कर रहे लोगों को शुभ परिणाम मिल सकते हैं।
वृषभ राशि: इस राशि के जातकों को महत्वपूर्ण फैसला या लंबा रास्ता तय करने में मददगार साबित होगा। नौकरीपेशा वाले लोगों के लिए समय अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान नए कौशल सीखने की प्रबल जिज्ञासा होगी। जीवन में भी काम का अधिक बोझ और जिम्मेदारी देखने को मिल सकती है।
मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों के लिए यह समय शानदार रहने वाला है। कहीं अटका हुआ धन मिलने के संकेत नजर आ रहे हैं। पेशेवर जीवन में अचानक से कुछ बदलाव और लाभ देखने को मिलेंगे। स्वास्थ्य को लेकर सजग व सतर्क रहें। इसके अलावा पिता के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
कर्क राशि: इस राशि के जातकों को शादी के लिए अनुकूल प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है। इस दौरान जीवनसाथी के साथ मिलकर निवेश करने की योजना भी बना सकते हैं जो भविष्य में फलदाई साबित होगा। पेशेवर जीवन में व्यवसाय से संबंधित समय विशेष रूप से फलदाई साबित होगा। इस दौरान जीवन में भौतिकवादी चीजों में वृद्धि भी देख सकेंगे।