Samudrik Shastra Body Parts Astrology: आपने देखा होगा कि कई लोगों के कान छोटे होते हैं तो कईयों के बड़े। इसी तरह कान की बनावट अलग-अलग प्रकार की होती है। सामुद्रिक शास्त्र की मानें तो किसी भी व्यक्ति के कान देखकर उसके जीवन, व्यवहार, लव लाइफ के बारे में बहुत कुछ पता चल जाता है। जिन लोगों के कान नीचे से गोलाई लिये होते हैं। ऐसे लोगों को जीवन में धन और सम्मान दोनों की प्राप्ति होती है।
मोटे कान: जिन लोगों के कान मोटे होते हैं वो लोग काफी साहसी होते हैं। ऐसा कहा जाता है कि ये लोग राजनीति में अच्छा नाम कमाते हैं। परंतु इन पर आंख बंद करके भरोसा नहीं किया जा सकता है। क्योंकि ऐसे लोग काफी स्वार्थी भी होते हैं। ये लोग मेहनत करने से भी थोड़ा बचते हैं।
छोटे कान: जिन लोगों के कान सामान्य आकार से कुछ छोटे आकार के होते हैं, ऐसे लोग बलशाली होते हैं। इन लोगों पर आसानी से भरोसा किया जा सकता है। ऐसा माना जाता है कि इन लोगों की कला के क्षेत्र में भी रूचि ज्यादा रहती है।
लंबे कान: लंबे कान वाले लोग काफी मेहनती होते हैं और स्वभाव से भावुक होते हैं। अपने घर परिवार के लोगों से काफी प्रेम करते हैं। इनके जीवन में सुख समृद्धि बनी रहती है। दिमाग के तेज होने से जीवन के हर क्षेत्र में इन्हें सफलता हासिल होती है। इन्हें हर काम को तरीके से करने की आदत होती है।
चौड़े कान: चौड़े कान वाले लोग जीवन में खुश रहते हैं। इनकी किस्मत काफी अच्छी होती है। इन्हें कम प्रयासों में ही सफलता हासिल हो जाती है। इन्हें पैसों की तंगी का सामना कम ही करना पड़ता है। ये लोग धार्मिक स्वभाव के होते हैं। दान-पुण्य के कार्यों में इनका ज्यादा मन लगता है। ऐसे लोग अवसरवादी भी होते हैं।
कानों पर बाल: कानों पर लंबे-लंबे बाल होना काफी शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि ऐसे लोगों के पास धन की कभी कमी नहीं होती है। इन लोगों को भाग्य का साथ मिलता है। ये जातक अपनी मेहनत से करियर में अच्छा मुकाम हासिल कर लेते हैं। हालांकि ऐसे जातक थोड़े स्वार्थी और घमंडी भी होते है।