Ram Navami 2025 Mantra: राम नवमी का त्योहार हिंदू धर्म में बहुत खास होता है। इस दिन को भगवान श्रीराम की जयंती के रूप में मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल चैत्र महीने की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को बड़े धूमधाम और श्रद्धा से मनाया जाता है। इस बार राम नवमी 6 अप्रैल 2025 को पड़ रही है। इस मौके पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होती है, घर-घर श्रीराम के जन्म की खुशी में भजन-कीर्तन होते हैं और लोग उपवास भी रखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि राम नवमी के दिन कुछ खास मंत्रों का जाप करने से जीवन में बड़ी-बड़ी समस्याएं भी दूर हो सकती हैं? कहा जाता है कि अगर श्रद्धा से भगवान श्रीराम के मंत्रों का जाप किया जाए तो न सिर्फ मन को शांति मिलती है बल्कि सफलता, समृद्धि और आत्मबल भी बढ़ता है। ऐसे में आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ मंत्रों के बारे में जिनका जाप राम नवमी के दिन जरूर करना चाहिए।
सफलता के लिए राम मंत्र
अगर आप चाहते हैं कि आपके जीवन में हर काम में सफलता मिले, तो इस मंत्र का जाप जरूर करें – ‘ॐ राम ॐ राम ॐ राम ह्रीं राम ह्रीं राम श्रीं राम श्रीं राम’ ये मंत्र बहुत ही शक्तिशाली माना जाता है। मान्यता है कि इस मंत्र का जाप करने से दिमाग शांत होता है, मन की एकाग्रता बढ़ती है और रुके हुए काम पूरे होने लगते हैं। इस मंत्र को सुबह स्नान करके भगवान राम की मूर्ति या तस्वीर के सामने बैठकर कम से कम 108 बार जपें।
घर में सुख-शांति के लिए मंत्र
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में हमेशा शांति और स्नेह बना रहे, तो राम नवमी के दिन इस मंत्र का जाप करें – ‘ॐ रामाय हुं फट् स्वाहा’ इस मंत्र का जाप 108 बार करना शुभ माना गया है। अगर आप हवन कर रहे हैं तो हर आहुति के साथ इस मंत्र का उच्चारण करें। इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और माहौल सकारात्मक बनता है।
जीवन में स्थिरता और आत्मबल के लिए
आज की दौड़-भाग भरी जिंदगी में मन का स्थिर होना बहुत जरूरी है। अगर आप मानसिक शांति और संतुलन चाहते हैं तो इस मंत्र का जाप करें – ‘रामाय रामभद्राय रामचन्द्राय वेधसे, रघुनाथाय नाथाय सीताया: पतये नमः’इस मंत्र को बोलने से मन शांत होता है, सोचने की ताकत बढ़ती है और अंदर से आत्मबल भी मजबूत होता है।
धन और समृद्धि पाने के लिए मंत्र
अगर आप आर्थिक तंगी से परेशान हैं या चाहते हैं कि धन की स्थिति बेहतर हो, तो इस मंत्र का जाप करें – ‘ॐ क्लीं नमो भगवते रामचन्द्राय सकलजन वश्यकराय स्वाह:’ इस मंत्र को राम नवमी के दिन खासतौर पर जपना बहुत फलदायी होता है। इससे आपके जीवन में धन का प्रवाह बढ़ता है और आर्थिक संकट दूर होने लगते हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।