Putrada Ekadashi 2025 Date: हिंदू धर्म में सभी एकादशी व्रत का बहुत महत्व है। इन्हीं एकादशी में से एक पुत्रदा एकादशी व्रत है। यह व्रत खासतौर पर संतान सुख की प्राप्ति के लिए और जीवन में सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करके उनका आशीर्वाद लिया जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से घर में सुख-शांति आती है। इसके साथ ही पुण्य की प्राप्ति होती है। वहीं जल्द ही 2025 दस्तक देने वाला है और साल की शुरुआत में कई व्रत-त्योहार मनाए जाएंगे। ऐसे में आइए जानते हैं 2025 में पुत्रदा एकादशी का व्रत कब मनाया जाएगा। साथ ही जानिए पुत्रदा एकादशी व्रत का शुभ मुहूर्त, महत्व और व्रत कथा।

पुत्रदा एकादशी 2025 कब है?

हिंदू धर्म में इस व्रत का खास महत्व है। हिंदू पंचांग के अनुसार, पौष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को पुत्रदा एकादशी मनाई जाती है। साल 2025 में यह तिथि 10 जनवरी को पड़ेगी।

पुत्रदा एकादशी 2025 शुभ मुहूर्त

पौष माह की शुक्ल एकादशी तिथि की शुरुआत 9 जनवरी 2025 को दोपहर 12 बजकर 22 मिनट पर होगी और इस तिथि का समापन 10 जनवरी 2025 को सुबह 10 बजकर 19 मिनट पर होगा।

पुत्रदा एकादशी महत्व

पुत्रदा एकादशी का व्रत खासतौर पर संतान प्राप्ति के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत रखने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति की संभावना बढ़ जाती है। इसके साथ ही इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से विशेष पुण्य मिलता है।

पुत्रदा एकादशी की कहानी

पौराणिक कथा के अनुसार, पुराने समय में एक राजा सुकेतुमान और उनकी रानी संतान न होने के कारण बहुत दुखी थे। राजा को चिंता थी कि उनकी मृत्यु के बाद उनका वंश कौन चलाएगा। एक दिन ऋषियों ने उन्हें पुत्रदा एकादशी का व्रत करने की सलाह दी। राजा और रानी ने यह व्रत पूरी श्रद्धा से किया। इसके बाद उन्हें एक पुत्र की प्राप्ति हुई। तभी से यह व्रत संतान सुख के लिए किया जाने लगा।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।