वास्तु शास्त्र के अनुसार घर और उसके आसपास की प्रत्येक वस्तु का परिवार के सदस्यों के जीवन पर कुछ सकारात्मक या नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कहते हैं कि यदि घर की वस्तुएं सही दिशा में और सही जगह पर रखी गई हों तो इससे परिवार में समृद्धि आती है। आज हम आपको बताएंगे कि वास्तु के हिसाब से घर के किन कोनों में पौधे लगाए जाने चाहिए। तुलसी, आंवला और अशोक जैसे पौधे तकरीबन हर घर में लगाए जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हें लगाने की सही दिशा व जगह क्या है। यदि नहीं तो आज हम आपको इसी बारे में विस्तार से बताने वालें हैं।

ऐसा कहा जाता है कि तुलसी का पौधा घर पर लगाने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। मान्यता है कि तुलसी के पौधे की पूजा करने से घर में कभी भी धन की कमी नहीं होती और परिवार के लोग एक सुखमय जीवन जीते हैं। वास्तु शास्त्र की मानें तो तुलसी का पौधा घर पर पूर्व दिशा में लगाया जाना चाहिए। इसके साथ ही दक्षिण दिशा में इस पौधे को लगाने की मनाही है। कहते हैं कि रविवार के दिन तुलसी के पौधे को पानी भी नहीं देना चाहिए। इससे परिवार में नकारात्मकता आने की मान्यता है।

कई लोग अपने घर पर आंवले का पेड़ लगाना पसंद करते हैं। मान्यता है कि आंवले के पेड़ की जड़ में भगवान विष्णु जी का वास होता है। वास्तु की मानें तो आंवले का पेड़ घर में उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। कहा जाता है कि आंवले के पेड़ की पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण होती है। इसके अलावा शमी के पोधे को घर के मुख्य द्वार के बाईं ओर लगाने की बात कही गई है। कहते हैं कि इससे कुंडली में शनि ग्रह की दशा मजबूत रहती है। वास्तु के हिसाब से अशोक का पेड़ घर की पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। इससे परिवार में शुभ होने की मान्यता है।