हंसना हमारी सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। हम सबको ऐसी सलाह दी जाती है कि हमें प्रतिदिन हंसना चाहिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किसी व्यक्ति के हंसने के तरीके से उसके स्वभाव के बारे में भी जाना जा सकता है। जी हां, सामुद्रिक शास्त्र में इस बारे में विस्तार से वर्णन किया गया है। आज हम इसी बारे में आपको विस्तार से बताने जा रहे हैं। आपने कई ऐसे लोगों को देखा होगा जिनके हंसते समय उनके दांत बाहर नहीं आते। इनके बारे में कहा जाता है कि इनका स्वभाव काफी अच्छा होता है। इन लोगों के भरोसे के लायक होने की मान्यता है। कहते हैं कि ये अपनी जुबान के पक्के होते हैं और अपनी कही हुई बात पर टिके रहते हैं।

कई ऐसे लोग भी होते हैं जिनके हंसते समय उनका कंधा हिलने लगता है। इन लोगों के बारे में कहा जाता है कि ये लालची स्वभाव के होते हैं। इसके साथ ही इनके भोगी होने की भी मान्यता है। कहते हैं कि इन लोगों से थोड़ा बचकर रहना चाहिए और इन पर भरोसा करने से बचना चाहिए। कुछ लोगों के हंसते समय गाल में गड्ढे पड़ जाते हैं। समुद्र शास्त्र के मुताबिक ये लोग काफी बुद्धिमान होते हैं। इनके द्वारा अपने जीवन में काफी उच्च पद हासिल करने की मान्यता है। कहते हैं कि ये लोग बातें भी खूब करते हैं।

आपने कई ऐसे लोगों को भी देखा होगा जो बात-बात पर खिलखिलाकर हंसते हैं। इनके बारे में कहा जाता है कि इन लोगों में आत्मविश्वास की कमी होती है। इनके डर-डरकर जीने की मान्यता है। इसके अलावा हंसते हुए चेहरे वालों के जीवन में सदा उन्नति करने की मान्यता है। जो लोग अपनी आंखें मूंदकर हंसते हैं, उनके ओपन माइंडेड होने की मान्यता है। कहते हैं कि ये लोग परंपराओं को नहीं मानते और तर्कों के आधार पर जीना पसंद करते हैं।