Numerology: हर किसी के जीवन में अंकों का महत्व बहुत अधिक होता है। पर क्या आप जानते हैं कि अंक आपके भविष्य को भी निर्धारित कर सकता है। फ्यूचर को लेकर नंबर कई जानकारियां भी प्रदान करता है। अंकों के जरिये ज्योतिषाचार्य जिस विद्या का इस्तेमाल कर व्यक्ति के जीवन की व्याख्या करते हैं, उसे अंकशास्त्र, अंक ज्योतिष और न्यूमरोलॉजी कहते हैं। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक जिन लोगों का जन्म 9, 18 और 27 को होता है उनका मूलांक 9 होता है।
कैसे पता चलता है मूलांक: जानकारों का मानना है कि जन्म की तारीख के अंकों को जोड़ कर मूलांक प्राप्त किया जाता है और जिसके बाद किसी भी व्यक्ति की भविष्यवाणी की जाती है। विद्वानों के मुताबिक जिन लोगों का मूलांक 9 होता है वो किस्मत के काफी धनी होते हैं। इस अंक का स्वामी मंगल ग्रह है।
जानें मूलांक 9 वाले लोगों की विशेषता: इनके बारे में कहा जाता है कि इन्हें कभी प्रॉपर्टी की कमी नहीं होती है। मूलांक 9 के लोगों को विरासत में ही जमीन-जायदाद प्राप्त होते हैं। बताया जाता है कि इनका स्वभाव बेहद चुलबुला होता है, ये उत्साह और ऊर्जा से भरपूर होते हैं। शरीर से मजबूत और हंसी मजाक करने वाले ये लोग बेहद परिश्रमी होते हैं। मूलांक 9 वाले लोग दोस्तों में काफी फेमस होते हैं। हर समस्या का समाधान ढूंढने की तमाम कोशिशें करने के लिए ये लोह जाने जाते हैं।
अपनाते हैं ये मूलमंत्र: जिन लोगों का मूलांक 9 होता है, उनके बारे में कहा जाता है कि इन लोगों को अनुशासन में रहना पसंद होता है। इनका जीवन शुरुआत में संघर्षपूर्ण रहता है लेकिन ये ‘संघर्ष ही जीवन है’ मूलमंत्र को अपनाकर सफलता हासिल कर लेते हैं। बताया जाता है कि ये स्वभाव से गुस्सैल भी होते हैं।
इन लोगों को अपनी इज्जत बहुत प्यारी होती है, अपने मान-सम्मान पर ये आंच नहीं आने देते हैं। अपनी दृढ इच्छा शक्ति के बल पर ये लोग कई उपलब्धियों को हासिल करते हैं। कहा जाता है कि इन्हें ससुराल पक्ष से भी धन मिलने के आसार होते हैं। आर्थिक रूप से मजबूत इस मूलांक के लोग जमीन-जायदाद से समृद्ध होते हैं। लेकिन कई बार इन्हें प्रॉपर्टी को लेकर विवादों में भी पड़ना पड़ सकता है।