परिवर्तिनी एकादशी (Parivartini Ekadashi) का व्रत 29 अगस्त, शनिवार को रखा जाएगा। आमतौर पर यह व्रत भगवान विष्णु के भक्त यानी वैष्णव रखते हैं। भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी के दिन 4 महीनों के लिए सो जाते हैं। देवउठनी एकादशी पर उठते हैं। माना जाता है कि परिवर्तिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु सोते हुए करवट बदलते हैं। स्थान में परिवर्तन होने की वजह से ही इस एकादशी को परिवर्तिनी नाम दिया गया है। एकादशी तिथि भगवान विष्णु को बहुत प्रिय है। इसलिए ही उनके भक्त इस दिन व्रत कर उन्हें प्रसन्न करने की कोशिश करते हैं।
परिवर्तिनी एकादशी का महत्व (Parivartini Ekadashi Ka Mahatva/ Parsva Ekadashi Ka Mahatva):
परिवर्तिनी एकादशी के दिन व्रत कर भगवान विष्णु की पूजा करने से वाजपेय यज्ञ का फल मिलता है। इस तिथि का महत्व बहुत अधिक माना गया है। परिवर्तिनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा-आराधना करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। भगवान विष्णु या उनके अवतारों की पूजा करने वाले भक्तों की भगवद्दर्शन की इच्छा होती है। मान्यता है कि परिवर्तिनी एकादशी के प्रभाव से यह इच्छा पूर्ण होती है। माना जाता है कि इसी दिन भगवान अपने पांचवें अवतार यानी वामन अवतार में पृथ्वी पर आए थे। इसीलिए इस दिन वामन जयंती भी मनाई जाती है।
परिवर्तिनी एकादशी पूजा विधि (Parivartini Ekadashi Puja Vidhi/ Parsva Ekadashi Puja Vidhi):
– इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें। साफ कपड़े पहनें।
– जिस स्थान पर पूजा करनी है उस स्थान की सफाई करें।
– गंगाजल डालकर पूजन स्थल को पवित्र करें।
– एक चौकी लें और उस पर पीले रंग का कपड़ा बिछाएं।
– भगवान लक्ष्मी नारायण की प्रतिमा उस पर विराजित करें।
– दीपक जलाएं और प्रतिमा पर कुमकुम या चंदन का तिलक लगाएं।
– हाथ जोड़कर भगवान विष्णु का ध्यान करें। प्रतिमा पर तुलसी के पत्ते और पीले फूल अर्पित करें।
– फिर विष्णु चालीसा, विष्णु स्तोत्र और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
– इस दिन भगवान विष्णु के मंत्रों या नाम का जाप अवश्य करें।
– इसके बाद विष्णु जी की आरती करें। उनसे पूजा में हुई गलतियों के लिए क्षमा मांगें।
– किसी पीले फल या मिठाई का भोग लगाएं।
परिवर्तिनी एकादशी शुभ मुहूर्त:
एकादशी तिथि आरंभ – 28 अगस्त, शुक्रवार – सुबह 08 बजकर 38 मिनट से
एकादशी तिथि समाप्त – 29 अगस्त, शनिवार – सुबह 08 बजकर 17 मिनट तक
पारण का समय – 30 अगस्त, रविवार – सुबह 05:58 बजे से 08:21 बजे तक