Palm Reading: ज्यादातर लोगों का सपना होता है कि वह विदेश की यात्रा करें। कुछ लोग तो विदेश में ही सेटल होने के सपने देखते हैं। हालांकि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी भी तरह की यात्रा के लिए चंद्र ग्रह और चंद्र पर्वत का मजबूत होना बेहद ही जरूरी होता है। हस्त रेखा विज्ञान में हाथ की रेखाओं के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव और उसके भविष्य के बारे में आंकलन किया जाता है। हाथ की ये रेखाएं व्यक्ति के करियर, पैसे, वैवाहिक जीवन और सेहत से जुड़ी बातों के बारे में बताती हैं। साथ ही हाथों की रेखाएं के जरिए इस बात का पता भी लगाया जा सकता है कि व्यक्ति को विदेश जाने का मौका मिलेगा या नहीं। इस लेख में हम आपको बताएंगे की हाथ की कौन-सी रेखाएं विदेश जाने का योग बनाती हैं।

इन लोगों को मिलता है विदेश जाने का मौका: जिन लोगों की हथेली पर हाथ की सबसे छोटी उंगली के नीचे बुध पर्वत से रेखा निकलकर अनामिका उंगली के नीचे तक जाए, ऐसे व्यक्ति को विदेश जाने का कई बार मौका मिलता है। साथ ही अगर यह रेखा चंद्र पर्वत तक जाए तो भी लोगों को विदेश जाने का मौका मिलता है।

अगर रेखा मणिबंध से निकलकर मंगल पर्वत तक जाए तो भी व्यक्ति को विदेश जाने का मौका मिलता है। अगर हथेली के चंद्र पर्वत पर स्वास्तिक का चिन्ह बना हो, तो भी व्यक्ति को विदेश यात्रा का सुख मिलता है। अगर रेखा चंद्र पर्वत से निकलकर गुरु पर्वत तक पहुंचे तो ऐसे लोगों की शादी विदेश में होने की संभावना होती है।

विदेश में खूब कमाते हैं पैसा: हस्तरेखा विज्ञान के अनुसार जिन लोगों के हाथ में चंद्र पर्वत से कोई रेखा निकलकर शनि पर्वत तक जाए तो ऐसा व्यक्ति ना केवल विदेश की यात्रा करता है बल्कि वह यात्रा से खूब पैसा भी कमाता है। ऐसे लोग बिजनेस के लिए अक्सर विदेश की यात्रा करते रहते हैं।

वहीं जिन लोगों के हाथों में यात्रा की रेखा जीवन रेखा से ज्यादा मोटी और गहरी होती है, वह विदेश में जाकर बस जाते हैं। साथ ही जिन लोगों के हाथ पर चंद्र पर्वत के पास त्रिभुज का निशान बनता है, वह वर्ल्ड टूर करते हैं।