Lucky Hand Line Prediction: मनुष्य के हाथों में कई सारी रेखाएं होती हैं। जैसे जीवन रेखा, ह्रदय रेखा, मस्तिष्क रेखा, विवाह रेखा, सूर्य रेखा, बुध रेखा, भाग्य रेखा आदि। ज्योतिष शास्त्र अनुसार हथेली की इन्हीं रेखाओं से आने वाले कल और व्यक्ति के व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ पता चल जाता है। इन्हीं रेखाओं में से एक होती है भाग्य रेखा जिसके आधार पर ये पता लगाया जा सकता है कि आप कितने भाग्यशाली हैं।
भाग्य रेखा सामान्यत: जीवन रेखा, मणिबंध, मस्तिष्क रेखा, ह्रदय रेखा या चंद्र पर्वत से शुरू होकर शनि पर्वत की ओर जाती है। मध्यमा उंगली के नीचे वाला भाग शनि पर्वत कहलाता है। यदि किसी व्यक्ति की हथेली में भाग्य रेखा मणिबंध से प्रारंभ होकर शनि पर्वत तक गई हो और वह बिल्कुल स्पष्ट दिखाई दे तो ऐसा व्यक्ति भाग्यशाली होता है। इस रेखा से एक शाखा निकलकर अगर सूर्य पर्वत तक जा रही है तो यह भी शुभ माना गया है। ऐसी रेखा वाले व्यक्ति धनवान होने के साथ-साथ खूब प्रसिद्धि भी हासिल करते हैं। यदि हथेली में भाग्य रेखा जीवन रेखा से प्रारंभ हो तो व्यक्ति खुद की मेहनत से काफी अधिक धन प्राप्त करता है। इसी तरह यदि हथेली में भाग्य रेखा चंद्र क्षेत्र से प्रारंभ हुई है तो ऐसा व्यक्ति दूसरों की मदद से सफलता प्राप्त करता है।
हाथ में दो भाग्य रेखाएं बहुत शुभ मानी जाती है। यदि चंद्र पर्वत से निकलकर कोई रेखा भाग्य रेखा के साथ-साथ चले तो व्यक्ति की शादी बेहद ही धनी परिवार में होती है। ऐसा व्यक्ति किसी स्त्री की मदद से सफलता प्राप्त करता है। यदि सूर्य रेखा और भाग्य रेखा दोनों ही शुभफल देने वाली होकर एक-दूसरे के समानान्तर दिखाई दे और साथ में मस्तिष्क रेखा भी स्पष्ट और सीधी हो तो ऐसा व्यक्ति धनी होता है।
भाग्य रेखा मणिबंध से निकलकर शनि पर्वत तक जाए और इस भाग्य रेखा पर बुध पर्वत से कोई रेखा आकर मिल जाए तो यह भी शुभ फलदायी होता है। ऐसे लोग बिजनेस, सेल्स, मार्केटिंग के काम में अच्छी सफलता हासिल करते हैं।
