Sun Planet Prediction: हमारे हाथ में अलग-अलग स्थानों पर ग्रहों के पर्वत होते हैं। जिससे बिना कुंडली देखे ग्रहों की स्थिति के बारे में पता लगाया जा सकता है। हथेली में शनि, बुध, चंद्र, गुरु के साथ ही सूर्य पर्वत भी होता है। सूर्य पर्वत अनामिका उंगली के नीचे वाले भाग में होता है। कहा जाता है कि सूर्य पर्वत अगर विकसित हो तो ये सफलता का सूचक होता है और अगर दबा हुआ हो तो व्यक्ति जीवन भर परेशान रहता है। जानिए सूर्य पर्वत से और क्या पता चलता है…

सूर्य पर्वत की शुभ स्थिति: हथेली में सूर्य पर्वत के उठे होने से व्यक्ति लाइफ में काफी उन्नति करता है। ऐसा जातक किसी उच्च स्थान को प्राप्त करता है। इन लोगों के मित्र काफी ज्यादा होते हैं। ऐसे लोग जहां जाते हैं वहीं लोकप्रिय हो जाते हैं। ये लोग अपना जीवन ईमानदारी से जीना पसंद करते हैं। ऐसे जातक सफल व्यापारी होते हैं। हथेली में सूर्य पर्वत के विकसित होने से जीवन में कई बार आकस्मिक धन की प्राप्ति होती है। इन लोगों का रहन-सहन राजसी होता है।

सूर्य पर्वत का अत्याधिक विकसित होना: सूर्य पर्वत जरूरत से ज्यादा विकसित होने पर व्यक्ति अत्याधिक घमंडी, झूठी प्रशंसा करने वाला, फिजूलखर्च करने वाला होता है। ऐसे लोग अपनी आदतों के कारण जीवन में सफलता नहीं पा पाते।

सूर्य पर्वत का अन्य पर्वतों की तरफ झुकाव: यदि सूर्य पर्वत शनि पर्वत की तरफ झुका हो तो ऐसे व्यक्ति एकांतप्रिय होते हैं। ये जात‍क वकालत के क्षेत्र में खूब नाम कमाते हैं। ऐसे लोग कभी भी क‍िसी के साथ अन्‍याय नहीं होने देते। इन लोगों पर आंखें बंद करके भरोसा क‍िया जा सकता है। यदि सूर्य पर्वत बुध पर्वत की तरफ झुका हो तो व्यक्ति सफल व्यापारी और धनवान होता है।

सूर्य पर्वत की अशुभ स्थिति: सूर्य पर्वत पर ज्यादा रेखाएं होने से व्यक्ति बीमार रहता है। जिन जातकों का सूर्य पर्वत दबा हुआ हो ऐसे लोग जीवन भर परेशान रहते हैं। इनकी जीवन में चमक दमक और आकांक्षाएं कम रहती है। ऐसे लोग आलसी प्रवृत्ति के होते हैं।

सूर्य पर्वत पर चिन्हों की उपस्थिति: जिनके सूर्य क्षेत्र पर नक्षत्र का चिन्ह हो तो ऐसे जातकों का भविष्य उज्जवल होता है। इस क्षेत्र पर त्रिभुज का चिन्ह होने पर जातक अपनी कलाओं के माध्यम से धन अर्जित करता है। वहीं द्वीप का चिन्ह होना शुभ नहीं माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि ऐसे जातकों को षड्यंत्र का शिकार होकर पद प्रतिष्ठा खोने का खतरा बना रहता है। इसी प्रकार सूर्य पर्वत पर क्रॉस का चिन्ह हो तो जातक को असफलता मिलने की संभावनाएं रहती हैं। सूर्य पर्वत पर बिंदु या वृत्त दिखाई दे तो ऐसे में नेत्र संबंधी रोग होने की आशंका होती है।