Palmistry Luck Line Prediction: हस्तरेखा शास्त्र अनुसार हाथ में कई तरह की रेखाएं होती हैं जीवन रेखा, ह्रदय रेखा, विवाह रेखा, सूर्य रेखा, संतान रेखा और इसी तरह एक रेखा भाग्य की भी होती है। भाग्य रेखा अच्छे भविष्य को दर्शाती है। ये रेखा मणिबंध से शुरू होकर तर्जनी या मध्यमा उंगली तक पहुंचती है। इसे शनि रेखा के नाम से भी जाना जाता है। जानिए भाग्य रेखा के बारे में विस्तार से…
जिनके हाथ में भाग्य रेखा नहीं है: जिन लोगों के हाथ में भाग्य रेखा नहीं होती है उसका मतलब ये नहीं है कि वो भाग्यहीन हैं या उनके जीवन में सुख समृद्धि नहीं होगी। ज्योतिष अनुसार बिना भाग्य रेखा वाले लोगों को बस सफलता पाने के लिए थोड़ी अधिक मेहनत की जरूरत पड़ती है। ऐसे लोगों के सफल होने में भाग्य से ज्यादा उनके कर्म का हाथ होता है। इन्हें बिना कठिन परिश्रम के कुछ भी आसानी से हासिल नहीं होता है।
गहरी और लंबी भाग्य रेखा: जिनके हाथों में गहरी, स्पष्ट और लंबी रेखा होती है उन्हें भाग्य का काफी साथ मिलता है। ऐसा माना जाता है कि ये लोग कम मेहनत में ही अच्छा मुकाम हासिल कर लेते हैं। इनके पास धन की कभी कमी नहीं होती है।
टेढ़ी-मेढ़ी भाग्य रेखा: जिन लोगों के हाथ में भाग्य रेखा होती तो है लेकिन टेढ़ी मेढ़ी होती है उन्हें हर कदम पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हें सफलता अमूमन देरी से मिलती है। यदि भाग्य रेखा का अंत फीका और पतला है तो इसका मतलब आपको जीवन के उस पड़ाव में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यदि भाग्य रेखा के आधार पर विराम होता है, तो इसका मतलब ऐसे लोगों का जीवन परेशानियों में व्यतीत हुआ है।
जीवन रेखा से शुरू भाग्य रेखा: जीवन रेखा से शुरू हुई भाग्य रेखा शुभ मानी जाती है। ऐसे लोग अपनी मेहनत से लाइफ में अच्छा मुकाम हासिल कर लेते हैं। इनके पास पैसों की कमी शायद ही कभी देखने को मिले। यदि भाग्य रेखा जीवन रेखा को पार नहीं करती है तो ऐसा माना जाता है कि युवा अवस्था से ही व्यक्ति के पास संपत्ति रहेगी लेकिन ऐसे इंसान स्वभाव के चंचल भी होते हैं।
मस्तिष्क रेखा से शुरू भाग्य रेखा: जिनके हाथों में भाग्य रेखा मस्तिष्क रेखा से शुरू होती है ऐसे लोगों को 35 वर्ष की आयु के बाद सफलता प्राप्त होने की संभावना रहती है। जिन लोगों की भाग्य रेखा मस्तिष्क रेखा पर आकर रूक जाए तो इसका मतलब है कि आप गलत निर्णय के कारण परेशानी में पड़ सकते हैं।

