Padmini Ekadashi 2023 Upay: हिंदू धर्म में एकादशी का विशेष महत्व है। लेकिन पद्मिनी एकादशी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि यह तीन साल में एक बार आती है। दरअसल, अधिक मास तीन साल बाद आता है। ऐसे में अधिक मास में पड़ने वाली एकादशी के दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने से कई गुना अधिक फलों की प्राप्ति होती है। इस साल पद्मिनी एकादशी 29 जुलाई 2023, शनिवार को है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने के साथ-साथ इन ज्योतिषीय उपायों को अपना सकते हैं। माना जाता है कि इन उपायों को करने से व्यक्ति को हर दुख से छुटकारा मिल जाता है और अंत में बैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं कि पद्मिनी एकादशी के किन कौन से उपाय करना होगा शुभ।

पद्मिनी एकादशी के दिन करें ये उपाय (Padmini Ekadashi 2023 Upay)

करें शंख से जलाभिषेक

पद्मिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को शंख से जल चढ़ाएं। माना जाता है कि ऐसा करने से वह जल्द प्रसन्न हो जाते हैं और सुख-समृद्धि का वरदान दे देते हैं।

तुलसी पूजा

पद्मिनी एकादशी के दिन तुलसी पूजन का विशेष महत्व है। इस दिन शाम के समय तुलसी के पौधे के सामने घी का दीपक जलाएं। इसके साथ ही पांच या 11 बार परिक्रमा कर लें। इससे विष्णु जी के साथ मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

करें दान

पद्मिनी एकादशी के दिन दान करना काफी पुण्य का काम माना जाता है। इसलिए इस दिन जरूरतमंद और गरीब लोगों को वस्त्र, पैसा, अनाज आदि का दान करें।

करें गजेंद्र मोक्ष का पाठ

अगर आपकी कुंडली में पितृदोष है, तो पद्मिनी एकादशी के दिन गजेंद्र मोक्ष का पाठ कर लें। इस पाठ को करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

करें पीपल पूजा

शास्त्रों के अनुसार माना जाता है कि पीपल में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए पद्मिनी एकादशी के दिन पीपल के पेड़ में जल चढ़ाने के साथ दीपक जरूर जलाएं। ऐसा करने से शनि दोष से भी राहत मिल सकती है।

रखें दक्षिणावर्ती शंख

शास्त्रों के अनुसार, घर में दो शंख रखना चाहिए। जिसमें से एक सिर्फ पूजन के लिए हो और दूसरा नाद के लिए हो। पद्मिनी एकादशी के दिन दक्षिणावर्ती शंख की स्थापना करें।

लगाएं खीर का भोग

पद्मिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को खीर का भोग लगाएं। इसमें तुलसी दल जरूर डालें। इस उपाय को करने से वैवाहिक जीवन में खुशियां बनी रहती हैं।