Ank Jyotish: ज्योतिष शास्त्र के जैसा ही एक विज्ञान है अंक शास्त्र, जिसमें अंकों की मदद से लोगों के भविष्य की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। हिंदी में इसे अंक शास्त्र और अंग्रेजी में न्यूमरोलॉजी कहते हैं। इस प्राचीन विज्ञान में हर व्यक्ति की जन्म तिथि से एक मुख्य अंक निकलता है जिसे जानकार मूलांक कहते हैं। उदाहरणस्वरूप जो लोग किसी महीने की 4, 13, या 22 तारीख को जन्मे होते हैं उनका मूलांक 4 होता है। बताया जाता है कि हर किसी का स्वभाव और व्यक्तित्व एक दूसरे से अलग होता है, ऐसा मूलांक की वजह से हो सकता है।
मूलांक 4 के बारे में जानिये: बताया जाता है कि 4 मूलांक के लोगों का स्वभाव बेहद मस्त-मौला होता है। जो लोग 4, 13 या 22 तारीख को जन्मे होते हैं उनका ऐसा मानना है कि जिंदगी खुलकर जीना चाहिए क्योंकि ये एक बार ही मिलती है। उनके मुताबिक कल का कोई भरोसा नहीं है इसलिए जीवन का भरपूर आनंद लेना चाहिए।
हंसी-मजाक करने में आगे होते हैं: अंक ज्योतिष की इस प्राचीन विधा के अनुसार जिन लोगों का मूलांक 4 होता है वो बेहद मजेदार होते हैं और हर समय हंसी-मजाक करते हैं। ये लोगों के बीच खुशियां बांटने के लिए जाने जाते हैं। बताया जाता है कि मस्त-मौला होने के साथ ही अपने निर्णय लेने में ये लोग सक्षम होते हैं। जानकार बताते हैं कि ये लोग पूरी तरह सोच-समझकर अपने फैसले लेते हैं।
प्रेम विवाह में रखते हैं विश्वास: बताया जाता है कि इस मूलांक के लोग सुंदरता से काफी ज्यादा प्रभावित होते हैं। कहते हैं कि खुशियां बांटने वाले ये लोग अपने गमों के बारे में ज्यादा लोगों को नहीं बताते हैं। किसी खास से ही अपनी बातें शेयर करने वाले ये लोग प्रेम विवाह में काफी आस्था रखते हैं। जानकारों के अनुसार इस मूलांक के लोगों के दोस्त काफी सुंदर होते हैं।
होते हैं निश्छल और विश्वसनीय: अंक ज्योतिषशास्त्री मानते हैं कि मूलांक 4 के लोगों के जीवन में स्थिरता होती है। साथ ही, ये लोग निश्छल और विश्वसनीय होते हैं। माना जाता है कि ये लोग दूसरों की मदद करने से कभी पीछे नहीं हटते हैं। ईमानदार और अपने वादों के पक्के इस मूलांक के लोग कठोर परिस्थितियों में भी धैर्य धारण करते हैं और पूरी सावधानी से अपने कार्यों को करते हैं।

