Numerology: प्राचीन समय से चली आ रही एक विद्या है अंक शास्त्र जिसमें अंकों की गणना होती है और लोगों के भविष्य को लेकर अनुमान लगाया जाता है। इसे अंक विज्ञान, अंक ज्योतिष और अंग्रेजी में न्यूमरोलॉजी के नाम से जाना जाता है। विद्वानों का मानना है कि जन्म की तारीख, माह और वर्ष के अंकों को जोड़ कर भाग्यांक प्राप्त किया जाता है और जिसके बाद किसी भी व्यक्ति की भविष्यवाणी की जाती है। सौरमंडल में मौजूद नौ ग्रहों को आधार बनाकर अंक शास्त्र में गणना की जाती है।
बताया जाता है कि जिन लोगों का जन्म महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को होती है, उनका मूलांक 1 होता है। मूलांक एक के स्वामी ग्रह सूर्य हैं जिन्हें बेहद शक्तिशाली माना जाता है। सूर्य को जीवन शक्ति का प्रतीक माना गया है। अंक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस मूलांक के लोग ईमानदार, दॄढ़ निश्चयी और सृजनशील माना जाता है। आइए जानते हैं मूलांक 1 वाले लोगों की खासियत –
राजनीतिक और प्रशासनिक गुण: ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक जिन लोगों का मूलांक 1 होता है उनके अंदर गजब की नेतृत्व क्षमता, राजनीतिक और प्रशासनिक गुण होते हैं। इस मूलांक के लोगों पर सूर्य ग्रह का विशेष प्रभाव रहता है।
लेकिन इन लोगों में कई बार जिद्दीपना और अहंकार भी देखने को मिल सकता है। जानकारों का मानना है कि अगर इस मूलांक के लोग अपने अहंकार को छोड़कर स्वाभिमान के साथ जीवन व्यापन करते हैं तो इन लोगों की गिनती सर्वोत्तम लोगों में होती थी।
महत्वकांक्षाओं से होते हैं भरपूर: कहते हैं कि मूलांक एक वाले लोग अति महत्वाकांक्षी, कर्म प्रधान और आदर्शों का निर्वाह करते हैं। इनके बारे में कहा जाता है कि सही समय पर सही निर्णय लेने में ये लोग दक्ष होते हैं। ये अपनी एक अलग ही पहचान बनाने की चाह रखते हैं और जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों से घबराते नहीं है। इन लोगों में कभी-कभी स्वार्थ की झलक देखने को मिल सकती है लेकिन यही आदत इन्हें जीवन में सफलता भी दिलाती है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार जिन लोगों का मूलांक 1 होता है वो दूसरों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। अपने घर में मुखिया की भूमिका निभाने वाले ये लोग जीवन में मान-सम्मान पाते हैं। बताया जाता है कि ये लोग सत्ता और शक्ति दोनों को पसंद करते हैं।