Ghatasthapana Shubh Muhurat: वैदिक पंचांग के अनुसार हर साल 4 बार नवरात्रि आती हैं। जिसमें एक चैत्र नवरात्रि, दो गुप्त नवरात्रि और एक शारदीय नवरात्रि हैं। इस साल शारदीय नवरात्रि 26 सितंबर से शुरू हो रही हैं। वहीं इस दिन सोमवार है, जिसका संबंध मां दुर्गा से ही माना जाता है। नवरात्रि में माता के 9 रूपों की पूजा- अर्चना की जाती है। साथ ही प्रतिपदा तिथि को पूजन करके ईशान कोण में घट स्थापित किया जाता है। वहीं शास्त्रों के अनुसार इस साल मां दुर्गा हाथी की सवारी पर पृथ्वी लोक पर पधार रही हैं। आपको बता दें कि जिस दिन नवरात्रि का प्रारंभ होता है उस दिन के अनुसार माता अपने वाहन पर सवार होकर आती हैं, जो अपने भक्तों को एक विशेष संकेत भी देती हैं। आइए जानते हैं क्या है संकेत और कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त…
शारदीय नवरात्रि तिथि
प्रतिपदा तिथि शुरू: 26 सितंबर 2022,सुबह 03 बजकर 22 मिनट पर
प्रतिपदा तिथि का अंत : 27 सितम्बर 2022, सुबह 03 बजकर 09 मिनट पर
कलश स्थापना शुभ मुहूर्त
ज्योतिष पंचांग के अुसार कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह में 06 बजकर 10 मिनट से सुबह 07 बजकर 52 मिनट तक है। वहीं दूसरा शुभ मुहूर्त अभिजीत मुहूर्त में 11 बजकर 49 मिनट से 12 बजकर 37 मिनट के बीच है। ज्योतिष शास्त्र अनुसार अभिजीत मुहूर्त कलश स्थापना के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त माना जाता है। इस मुहूर्त में हर काम सिद्ध हो जाता है।
हाथी पर सवार होकर आ रहीं हैं मां दुर्गा
देवी भागवत पुराण में मां नवदुर्गा की सवारी के बारे में विस्तार से बताया गया है। जिससे संबंधित एक श्लोक भी है।
शशि सूर्य गजरुढा शनिभौमै तुरंगमे।
गुरौशुक्रेच दोलायां बुधे नौकाप्रकीर्तिता॥
श्लोक के मुताबिक यदि नवरात्र सोमवार या रविवार से शुरू होती है तो माता हाथी पर विराजमान होकर आती है। साथ ही यदि नवरात्र शनिवार या मंगलवार से आरंभ हो तो माता की सवारी घोड़ा होता है। वहीं यदि शुक्रवार और गुरुवार को नवरात्रि आरंभ होती है तो मातारानी डोली में आती हैं। वहीं यदि बुधवार से नवरात्रि प्रारंभ हो तो माता का आगमन नौका पर होता है। इस बार माता हाथी पर सवार होकर आ रही हैं, जो बहुत शुभ माना जा रहा है।
जानिए क्या है संकेत
शारदीय नवरात्रि पर मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। यह एक बहुत शुभ संकेत है। साथ ही इसका अर्थ यह है कि इस बार बारिश अच्छी होगी। जिसके प्रभाव से फसल होगी। किसानों को लाभ होगा। आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी।