Chaitra Navratri March 2020: नवरात्रि के नौ दिन माता रानी की उपासना की जाती है। इन दिनों भक्त माता को प्रसन्न करने के लिए कई जतन करते हैं। कहा जाता है कि मां के नौ स्वरूपों की उपासना करने से घर में सुख शांति बनी रहती है और माता अपने भक्तों से खुश होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी कर देती हैं। इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 25 मार्च से होने जा रही है जिसका समापन 02 अप्रैल को होगा। नवरात्रि के नौ दिन कई शुभ योग भी बनेंगे। जिसमें मां की पूजा काफी फलदायी मानी जा रही है। यहां जानिए नवरात्रि में व्रत रखने वालों को किन नियमों का पालन करना माना गया है जरूरी…

– जो लोग नवरात्रि में नौ दिनों तक व्रत रख रहे हैं उन्हें दाढ़ी-मूंछ और बाल नहीं कटवाना चाहिए। इस दौरान बच्चों का मुंडन कराना शुभ माना जाता है।

– खाने में प्याज, लहसुन और नॉनवेज नहीं खाना चाहिए।

– व्रत रखने वालों को काले कपड़े पहनने से परहेज करना चाहिए और सिलाई-कढ़ाई का काम भी करने से बचना चाहिए।

– नवरात्र में व्रत रखने वालों को नाखून भी नहीं काटना चाहिए।

– अगर आप नवरात्रि में अपने घर में कलश स्थापना कर रहे हैं या फिर माता की अखंड ज्योति जला रहे हैं तो घर खाली छोड़कर नहीं जाएं। पूजा घर को हमेशा साफ रखें।

– अगर आप माता की चालीसा या सप्तशती पाठ कर रहे हैं तो उसे बीच में किसी भी कारण से अधूरा न छोड़ दें।

– विष्णु पुराण की अनुसार नवरात्रि व्रत रखने वालों को दिन में नहीं सोना चाहिए।

– नवरात्रि में घर में किसी भी तरह का वाद विवाद न होने दें। माना जाता है कि इससे मां दुर्गा की कृपा नहीं बनती।

– कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। यही कारण हैं कि नवरात्रि के समय कन्या पूजन कर लोग पुण्य की प्राप्ति करते हैं। माना जाता है कि नवरात्रि के समय कन्या या फिर किसी भी महिला का दिन नहीं दुखाना चाहिए और उनका हमेशा सम्मान करना चाहिए।

– नवरात्रि के दिनों में काम भावना पर नियंत्रण रखना चाहिए। इन दिनो में महिलाओं और पुरुष दोनो को ब्रह्मचर्य का पालन करना होता है।