Chaitra Navratri 2020 Start And End Date: साल में आने वाली चार नवरात्रियों में से दो नवरात्रि का विशेष महत्व माना जाता है। जिनमें एक चैत्र माह (Chaitra Navratri) में आने वाली नवरात्रि है जो 25 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। इसी दिन से हिंदी नव वर्ष (Hindu New Year 2020) की शुरुआत भी होती है। इसी के साथ गुड़ी पड़वा (Gudi Padwa 2020) और युगादी (Ugadi 2020) पर्व भी इसी दिन मनाए जाते हैं। दूसरी आश्विन माह की नवरात्रि जिसे शारदीय नवरात्रि (Shardiya Navratri 2020) भी कहा जाता है। ये नवरात्रि इस साल 17 अक्टूबर से शुरू होंगी। इसके अलावा दो नवरात्रि को गुप्त रूप से मनाया जाता है। जानिए चैत्र माह में आने वाली नवरात्रि का क्या महत्व है…

चैत्र नवरात्रि महत्व: ऐसा माना जाता है कि चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा का जन्म हुआ था और मां दुर्गा के कहने पर ही ब्रह्मा जी ने सृष्टि का निर्णाण कार्य शुरू किया था। इसलिए चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से हिंदुओं के नव वर्ष की शुरुआत भी हो जाती है। यह दिन विक्रम संवत (2077) हिंदू पंचांग का पहला दिन होता है। इसी दिन सूर्य की पहली किरण पृथ्वी पर फैली थी। 9 ग्रह, 27 नक्षत्रों और 12 राशियों के उदय का दिन भी यह माना जाता है। भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार का जन्म भी इसी दिन हुआ था।

शुभ संयगों में मनाई जायेगी चैत्र नवरात्रि 2020: इस बार नवरात्रि में कई शुभ योग रहेंगे। जिनमें 4 सर्वाथ सिद्धि योग, 5 रवि योग, एक द्विपुष्कर योग और एक गुरु पुष्य योग रहने वाला है। इस योगों की वजह से मां दुर्गा की पूजा से मनोवांछित फल की प्राप्ति होगी। इसके साथ ही 30 मार्च को गुरु शनि की राशि मकर में प्रवेश कर जायेंगे। जहां शनिदेव भी विराजमान हैं। मंगल भी मकर राशि में ही मौजूद हैं। मीन में सूर्य, कुंभ में बुध, मिथुन में राहु, धनु में केतु, वृषभ में शुक्र रहेंगे। ग्रह योगों के संयोग से भी ये नवरात्रि जातकों के लिए शुभ मानी जा रही है।

नवरात्रि में नौ दिन: जानिए किस दिन कौन सी देवी की होगी पूजा…
25 मार्च- पहला नवरात्र, मां शैलपुत्री की पूजा, गुड़ी पड़वा, नवरात्रि आरंभ, घटस्थापना, हिंदू नव वर्ष की शुरुआत।
26 मार्च- दूसरा नवरात्र, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
27 मार्च- तीसरा नवरात्र, मां चंद्रघंटा की पूजा
28 मार्च- चौथा नवरात्र, मां कुष्मांडा की पूजा
29 मार्च- पांचवां नवरात्र, मां स्कंदमाता की पूजा
30 मार्च- छठा नवरात्र, मां कात्यायनी की पूजा
31 मार्च- सातवां नवरात्र, मां कालरात्रि की पूजा
01 अप्रैल- आठवां नवरात्र, मां महागौरी की पूजा
02 अप्रैल- नौवां नवरात्र, मां सिद्धिदात्रि की पूजा