Face Mole Astrology: हर व्यक्ति के शरीर पर तिल (Moles) होता है। यह सामान्य बात है। हालांकि सामुद्रिक शास्त्र शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर मौजूद तिल को अलग-अलग तरीके से परिभाषित करता है। समुद्र शाष्त्र में विस्तार से बताया गया है कि किस हिस्से पर तिल का क्या मतलब होता है।  समुद्र शाष्त्र की मानें तो तिल व्यक्ति के स्वभाव से लेकर गृहस्थी, पैसे और तरक्की जैसे राज खोलता है। आइए जानते हैं सामुद्रिक शास्त्र के मुताबिक चेहरे के अलग-अलग हिस्सों पर तिल का क्या मतलब होता है…

– दोनों भौंहों के बीच में तिल और दाहिनी आंख की पलक पर तिल वाले व्यक्तियों को सामुद्रिक शास्त्र में बहुत बुद्धिमान माना जाता है। ऐसा व्यक्ति जीवन में सभी परिस्थितियों पर विजय हासिल करता है। अपनी बुद्धिमत्ता की वजह से आगे बढ़ता रहता है।

– सामुद्रिक शास्त्र के मुताबिक जिस व्यक्ति के माथे पर तिल हो, वह कलात्मक होता है। ऐसे लोग अन्य लोगों से अलग विचारों वाले होते हैं। इनमें कल्पनाशीलता बहुत अधिक होती है। माथे पर तिल वाले लोगों को सफलता के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती है।

–  भौंहों के किनारे पर जिस व्यक्ति को तिल हो, ऐसा व्यक्ति धर्म-ध्यात्म में रुचि रखता है। साथ ही ऐसे व्यक्ति के पास ज्ञान का भण्डार होता है। भौंहों के किनारे तिल वाले व्यक्ति के पास हर सवाल का जवाब होता है। यह बहुत से लोगों के मार्गदर्शक बनते हैं।

– नाक पर तिल वाले लोग अनुशासन में रहते हैं। सामुद्रिक शास्त्र  के मुताबिक ये कुछ सनकी किस्म के लोग होते हैं। एक बार जो करने की ठान लेते हैं, उसे जरुर करते हैं। ऐसे लोग कठोर स्वभाव के होते हैं। जल्दी भावुक होना इन्हें पसंद नहीं होता है।

–  दाहिने गाल पर तिल वाले लोग बहुत अच्छे स्वभाव के होते हैं। ऐसे लोगों का स्वभाव बहुत मजाकिया होता है। यह लोग बहुत अधिक समय के लिए किसी से गुस्सा नहीं रह पाते हैं। दाहिने गाल पर तिल वाले लोग ऊर्जा और सकारात्मकता से भरे होते हैं।

– सामुद्रिक शास्त्र के मुताबिक जिनके बाएं गाल पर तिल होता है, वे बहुत मूडी लोग होते हैं। ऐसे लोगों को स्वयं भी नहीं पता चलता है कि वह कब, किससे और किस बात पर नाराज़ हुए थे। बाएं गाल पर तिल वाले लोग शिक्षा और कला के क्षेत्र में अधिक रुचि रखने वाले होते हैं।

– जिनके ऊपरी होंठ पर तिल होता है, उन्हें कामुक माना जाता है। ऐसे लोगों के कई सारे प्रेम संबंध होते हैं। यह लोग बहुत भावुक होते हैं। इसलिए इन्हें हर समय किसी व्यक्ति का प्रेम चाहिए होता है। ये सामुद्रिक शास्त्र कहता है।

–  निचले होंठ पर तिल वाले लोग घमण्डी माने जाते हैं। इन्हें अपने आप से बहुत अधिक प्रेम होता है। ऐसे लोग अपने से ज्यादा सुंदर, समझदार और आकर्षक दूसरे को नहीं मानते हैं। निचले होंठ पर तिल वाले लोगों को सोचना बहुत पसंद होता है।