Mauni Amavasya 2025: हिंदू धर्म में मौनी अमावस्या का बेहद धार्मिक महत्व है। साल 2025 में मौनी अमावस्या 29 जनवरी को मनाई जाएगी। ज्योतिष में इस दिन को बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि इस दिन अमावस्या तिथि के साथ महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान भी है। इसके साथ ही इस दिन मकर राशि में बुध, सूर्य और चंद्रमा की खास युति भी बन रही है। ऐसे में इन शुभ संयोगों के कारण इस दिन दान और स्नान करने से बहुत फायदे हो सकते हैं। इसके अलावा, इस दिन कुछ खास पेड़ों की पूजा भी लाभकारी मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन इन पेड़ों की पूजा करने से घर में सुख-शांति और खुशहाली आती है। तो चलिए जानते हैं उन पेड़ों के बारे में जिनकी पूजा से आपकी किस्मत चमक सकती है।
पीपल के पेड़ की पूजा
पीपल के पेड़ को हिंदू धर्म में बहुत अहमियत दी जाती है। माना जाता है कि पीपल के पेड़ में पितरों का वास होता है। ऐसा कहा जाता है कि मौनी अमावस्या के दिन पितृ धरती पर आते हैं। ऐसे में अगर आप इस दिन पीपल के पेड़ की पूजा करेंगे और उसके नीचे सरसों का दीपक जलाएंगे, तो इससे पितरों का आशीर्वाद मिलेगा। इसके साथ ही पितृ दोष दूर होता है और जीवन की सभी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है।
तुलसी की पूजा
तुलसी को माता लक्ष्मी का रूप माना जाता है। ऐसे में मौनी अमावस्या के दिन तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। अगर आप इस दिन शाम के समय तुलसी के सामने दीपक जलाएंगे और कच्चा दूध अर्पित करेंगे, तो इससे माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में खुशहाली बनी रहती है। इसके साथ ही इससे आर्थिक परेशानियां भी दूर होती हैं।
बेल के पेड़ की पूजा
बेल पत्र भगवान शिव को बहुत प्रिय हैं और मौनी अमावस्या के दिन भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। ऐसे में अगर आप इस दिन बेल के पेड़ की पूजा करते हैं और बेल पत्र शिवलिंग पर चढ़ाते हैं, तो इससे भगवान शिव की कृपा मिलती है। इसके साथ ही आपकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है।
शमी के पेड़ की पूजा
शमी के पेड़ को शनि देव से जोड़ा जाता है। अगर आप इस दिन शमी के पेड़ की पूजा करेंगे, तो इससे शनि के बुरे प्रभाव से मुक्ति मिल सकती है। इस दिन शमी के पेड़ की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति का वास होता है और आपकी अड़चनें दूर हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें…
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
