Mauni Amavasya 2025: हिंदू धर्म में मौनी अमावस्या एक बहुत ही पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व है और ये पर्व भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दिन विधि विधान से पूजा करने से व्यक्ति को सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है। मौनी अमावस्या पर स्नान-दान का भी विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन स्नान-दान करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। यह भी मान्यता है कि इससे पितरों की आत्मा तृप्त होती है और वे प्रसन्न होते हैं। पंचांग के अनुसार, इस साल मौनी अमावस्या 29 जनवरी 2025 को मनाई जाएगी। इसी दिन महाकुंभ का अमृत स्नान (शाही स्नान) भी किया जाएगा। इस खास मौके पर करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु संगम पर डुबकी लगाएंगे। इसके साथ ही इस दिन कई शुभ कार्य भी किए जाते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं मौनी अमावस्या के दिन क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
मौनी अमावस्या 2025 तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार, 28 जनवरी 2025 को अमावस्या तिथि की शुरुआत शाम 7 बजकर 35 मिनट से होगी और इस तिथि का समापन 29 जनवरी 2025 को शाम 6 बजकर 5 मिनट पर होगा। इस दिन स्नान-दान का खास महत्व है। इसके अलावा इस दिन पितरों का पिंडदान और तर्पण भी किया जाता है।
मौनी अमावस्या के दिन क्या करें?
मौनी अमावस्या के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर पवित्र नदियों में स्नान करना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से व्यक्ति के सभी पाप मिट जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा करें। इस दिन सूर्य देवता की भी पूजा जरूर करें। मौनी अमावस्या के दिन मौन व्रत रखने का विधान है। मान्यता है कि इस दिन मौन व्रत रखने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस दिन शाम के समय तुलसी के पास घी का दीपक जलाएं। अमावस्या के दिन दान अवश्य करना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन दान करने से व्यक्ति को सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है और धन-धान्य में बढ़ोतरी होती है। मान्यता है कि इस दिन ‘ॐ पितृ देवतायै नम:’ मंत्र का 11 बार जाप करने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही मौनी अमावस्या के दिन सात्विक भोजन ही करें।
मौनी अमावस्या के दिन क्या न करें?
मौनी अमावस्या का दिन हिंदू धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है। इसलिए इस दिन तामसिक चीजों से दूर रहें। इस दिन मांस-मदिरा और प्याज-लहसुन खाने से बचना चाहिए। इस खास दिन पर किसी से भी वाद-विवाद न करें और ही इस दिन किसी से झूठ नहीं बोलना चाहिए। मौनी अमावस्या के दिन सात्विक भोजन करना चाहिए। कोशिश करें इस दिन जल्दी उठ जाएं, क्योंकि इस दिन सुबह देर तक नहीं सोना चाहिए।
यह भी पढ़ें…
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।