मंगल ग्रह आज यानी 31 जुलाई, मंगलवार को पृथ्वी के बेहद करीब से गुजर रहा है। खगोल शास्त्र के जानकारों की मानें तो यह अवसर 15 साल के बाद आया है जब मंगल पृथ्वी के इतने समीप से होकर जा रहा है। बता दें कि आज पृथ्वी से मंग्रल ग्रह की दूरी 57.6 मिलियन किमी होगी। इससे पहले साल 2003 में मंग्रल ग्रह पृथ्वी के इतने करीब से गुजरा था। उस समय पृथ्वी से मंगल की दूरी 55.7 मिलियन किमी थी। मालूम हो कि पृथ्वी को सूर्य का चक्कर लगाने में 365 दिन से ज्यादा का समय लगता है। वहीं, मंग्रल ग्रह 687 दिन में सूर्य का एक चक्कर लगाता है।
इस खगोलीय घटना की वजह से मंगल का आकार आज के दिन काफी बड़ा दिखाई देगा। इसके साथ ही पृथ्वी से मंगल के नजदीक होने के कारण बृहस्पति ग्रह से भी यह ज्यादा चमकीला नजर आएगा। मालूम हो शुक्र को सौरमंडल का सबसे चमकीला ग्रह कहा जाता है। शुक्र के बाद बृहस्पति की चमक सबसे ज्यादा मानी गई है। वहीं, पृथ्वी के करीब से गुजरने की वजह से मंगल की चमक 7 जुलाई से लेकर 7 सितंबर तक औसत से अधिक रहेगी।
नासा का अनुमान है कि आज के बाद 2020 में मंगल ग्रह पृथ्वी के सबसे नजदीक से गुजरेगा। उस वक्त दोनों की दूरी 6.2 करोड़ किलोमीटर होगी। वहीं, खगोलविदों का कहना है कि इस बार पृथ्वी के उत्तरी गोलार्ध में मंगल बिना टेलीस्कोप के भी देखा जा सकता है। हालांकि टेलीस्कोप से देखने पर यह और भी अच्छे से देखाई देगा। बता दें कि मंगल ग्रह का आकार पृथ्वी के आकार से आधा है। ऐसे में पृथ्वी से देखने पर यह काफी छोटा दिखाई देता है। लेकिन इस बार पृथ्वी के समीप से गुजरने की वजह से यह अपेक्षाकृत बड़ा दिखाई देगा। इसे लेकर दुनियाभर के लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।