Mahashivratri 2025 Ki Raat Karen Ye Upay: महाशिवरात्रि सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि भगवान शिव की भक्ति में डूब जाने का खास मौका है। यह वो रात है जब शिव और शक्ति का मिलन हुआ था, इसलिए इसे महानिशा की रात भी कहा जाता है। इस खास दिन पर शिव भक्त पूरी श्रद्धा से उपवास रखते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं, मंत्र जाप करते हैं और रात्रि जागरण करते हैं। कहा जाता है कि जो भी भक्त इस दिन रात में सच्चे मन से भगवान शिव की साधना और उपासना करता है, तो भोलेनाथ उसकी हर मनोकामना पूरी करते हैं। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा- उपासना के साथ-साथ रात में कुछ उपाय भी बताए गए हैं। मान्यता है कि इन उपायों को करने से जीवन में बाधाएं और कष्ट नहीं आते और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। तो चलिए इन उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
1000 बेलपत्र से करें शिवजी का पूजन
बेलपत्र भगवान शिव को अत्यंत प्रिय हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर कोई भक्त महाशिवरात्रि की रात 1000 बेलपत्रों पर ‘ॐ नमः शिवाय’ लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाता है, तो उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं सताता। साथ ही, उसके जीवन से सभी नकारात्मक ऊर्जा खत्म हो जाती है। इसके अलावा यह भी मान्यता है कि इससे सांसारिक सुख और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
महाशिवरात्रि की रात महामृत्युंजय मंत्र का जप करें
ऐसा कहा जाता है कि इस मंत्र को जपने से व्यक्ति को न सिर्फ रोग और कष्टों से छुटकारा मिलता है, बल्कि उसे दीर्घायु का वरदान भी मिलता है। महाशिवरात्रि की रात जागकर महामृत्युंजय मंत्र का जप करने से जीवन की हर समस्या का समाधान मिलता है। इस मंत्र का जप करते समय साधक को रुद्राक्ष और भस्म का उपयोग जरूर करना चाहिए।
ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप करें
भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र ‘नमः शिवाय’ और षडाक्षरी मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करने से मन को शांति और ऊर्जा मिलती है। महाशिवरात्रि की रात अगर कोई साधक एक लाख बार इस मंत्र का जप कर लेता है, तो शिवजी की कृपा से उसे जीवन में हर तरह की सफलता मिलती है। साथ ही, मृत्यु के बाद उसे यमलोक की बजाय शिवलोक में स्थान प्राप्त होता है।
रात्रि जागरण करें
शिवपुराण में कहा गया है कि महाशिवरात्रि की रात जागरण करने वाले व्यक्ति को जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्ति मिलती है। इस रात शिवपुराण का पाठ, भजन-कीर्तन और मंत्र जाप करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है।
शिवलिंग का अभिषेक
महाशिवरात्रि के दिन अगर कोई व्यक्ति व्रत रखकर शिवलिंग का अभिषेक करता है, तो उसके जीवन में सुख-समृद्धि आती है। खासतौर पर अगर अभिषेक दूध, गंगाजल, गन्ने के रस, घी और शहद से किया जाए, तो यह और भी शुभ माना जाता है। साथ ही, रुद्राक्ष धारण कर, माथे पर भस्म का त्रिपुंड लगाकर पूजा करने से व्यक्ति के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और ग्रह दोष भी समाप्त हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें…
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।