Mahashivratri 2025 Vrat Rules: महाशिवरात्रि भगवान शिव के भक्तों के लिए बहुत खास होती है। हर वर्ष फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को यह त्योहार मनाया जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल महाशिवरात्रि 26 फरवरी 2025 को मनाई जाएगी। इस दिन लोग शिवजी की पूजा करते हैं, व्रत रखते हैं और रातभर जागकर भजन-कीर्तन करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन व्रत रखने से भगवान शिव की कृपा मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। लेकिन शास्त्रों में व्रत करने कुछ नियम बताए गए हैं, जिन्हें ध्यान में रखना जरूरी होता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि महाशिवरात्रि व्रत पर क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
महाशिवरात्रि व्रत में क्या खा सकते हैं?
महाशिवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले व्रती सेब, केला, संतरा, अनार आदि फल का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर की ऊर्जा बनी रहती है और पेट भी भरा रहता है। साथ ही, सेंधा नमक और हल्के मसालों के साथ बनाया गया आलू दम भी व्रत में खाया जा सकता है। आप दूध, दही, पनीर, छाछ भी खा सकते हैं। इसके अलावा व्रती लोग धनिया, जीरा, सौंफ, बादाम, किशमिश, काजू, अखरोट, हलवा, मखाना आदि का भी सेवन कर सकते हैं।
इस दिन आप पानी का भी सेवन कर सकते हैं। महाशिवरात्रि पर साबूदाना खिचड़ी और कुट्टु के आटे से बनी चीजों का भी सेवन किया जा सकता है। आप इस व्रत में ठंडाई भी पी सकते हैं।
महाशिवरात्रि पर क्या नहीं खाना चाहिए?
महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखने वाले लोगों को लहसुन-प्याज का सेवन नहीं करना चाहिए। इस दिन सफेद नमक भी सेवन न करें। महाशिवरात्रि व्रत के दौरान अनाज जैसे – चावल, गेहूं, जौं, बाजरा, मक्का, चना, राजमा, मटर आदि चीजों से दूर रहें। व्रत में मांस-मदिरा से दूर रहें।
महाशिवरात्रि का महत्व
महाशिवरात्रि को बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इसी दिन भगवान भोलेनाथ शिवलिंग के रूप में प्रकट हुए थे और इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती शादी के बंधन में बंधे थे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन शिवलिंग का अभिषेक करने और ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करने से मन की शांति और सुख-समृद्धि मिलती है। ऐसा माना जाता है कि जो लोग श्रद्धा से यह व्रत रखते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।