Maha Kumbh Shahi Snan 2025 Niyam, Shubh Muhurat, Tithi: इस साल महाकुंभ का आयोजन प्रयागराज में होने जा रहा है। 13 जनवरी 2025 से शुरू होकर 26 फरवरी 2025 तक चलने वाले इस महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। सबसे खास बात यह है कि यहां गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों का संगम होता है, जिसे त्रिवेणी संगम कहते हैं। ऐसे में यहां होने वाले महाकुंभ का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि यहां स्नान करने से सारे पाप खत्म हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। वहीं, महाकुंभ में होने वाले शाही स्नान का बहुत महत्व है, साथ ही शाही स्नान सबसे खास परंपरा भी मानी जाती है। इसमें सबसे पहले साधु-संत स्नान करते हैं, उसके बाद ही आमजन। इसे शाही स्नान इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें साधु-संतों का सम्मानपूर्वक स्नान कराया जाता है। यह न सिर्फ शरीर को साफ करने के लिए, बल्कि आत्मा की शुद्धि के लिए भी किया जाता है। अगर इस बार आप भी शाही स्नान करने जा रहे हैं तो इसस पहले जान लें इसके नियम। ऐसे में आइए जानते हैं शाही स्नान के नियम, शुभ मुहूर्त और शाही स्नान की तिथियां।
शाही स्नान के नियम
शाही स्नान के लिए कुछ खास नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना जरूरी होता है। ऐसा कहा जाता है कि शाही स्नान की परंपरा में सबसे पहले साधु-संत स्नान करते हैं उसके बाद ही आम श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा सकते हैं। स्नान के दौरान साबुन या शैंपू का इस्तेमाल करना वर्जित माना जाता है, ऐसा माना जाता है कि स्नान के दौरान इन चीजों का इस्तेमाल करने से पवित्र जल अशुद्ध हो सकता है। वहीं स्नान के बाद जरूरतमंदों को कपड़े, अन्न और अन्य चीजें दान करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा ऐसा माना जाता है कि महाकुंभ के समय ग्रहों और नक्षत्रों की विशेष स्थिति के कारण संगम का जल काफी पवित्र माना जाता है। इसलिए शाही स्नान को अत्यंत शुभ माना जाता है।
शाही स्नान के शुभ मुहुर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, पहला शाही स्नान 13 जनवरी 2025 को पौष पूर्णिमा के दिन होगा। पंचांग के अनुसार, पौष पूर्णिमा की शुरुआत 13 जनवरी 2025 को सुबह 5 बजकर 03 मिनट पर होगी और इस तिथि का समापन 14 जनवरी को रात 3 बजकर 56 मिनट पर होगा। वहीं, इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 27 मिनट से 6 बजकर 21 मिनट तक है। इस दिन विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 15 मिनट से 2 बजकर 57 मिनट तक, गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 42 मिनट से 6 बजकर 09 मिनट तक और निशिता मुहूर्त रात 12 बजकर 03 मिनट से 12 बजकर 57 मिनट तक रहेगा।
कुंभ महापर्व 2025 शाही स्नान की तिथियां
13 जनवरी 2025- पौष पूर्णिमा
14 जनवरी 2025- मकर संक्रांति
29 जनवरी 2025- मौनी अमावस्या
03 फरवरी 2025- बसंत पंचमी
12 फरवरी 2025- माघी पूर्णिमा
26 फरवरी 2025- महाशिवरात्रि
2025 में महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी से होगी। यह मेला 26 फरवरी तक चलेगा। महाकुंभ तब शुरू होता है, जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है। इस बार महाकुंभ 2025 पर दुर्लभ संयोग बन रहा है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।