Mahakumbh 2025: आज यानी 13 जनवरी 2025 से प्रयागराज में महाकुंभ का आगाज हो गया है। इस मेले का समापन 26 फरवरी 2025 महाशिवरात्रि के दिन होगा। इस बीच महाकुंभ के खास अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच चुके हैं और तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का संगम में डुबकी लगाना जारी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान संगम में डुबकी लगाने से व्यक्ति को सभी तरह के पापों से मुक्ति मिलती है। वहीं, इस दौरान कई ऐसे महत्वपूर्ण दिन और तारीख भी हैं जिस दिन स्नान-दान करने का बेहद महत्व है। मान्यता है कि इन तिथियों पर स्नान-दान करने से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और साधक को मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। इसके अलावा इससे जुड़ी यह भी मान्यताएं है कि अगर आप महाकुंभ जा रहे हैं तो वहां से अपने साथ कुछ विशेष चीजें घर लाने से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। तो आइए जानते हैं उन शुभ चीजों के बारे में जिन्हें महाकुंभ से घर लानी चाहिए।

संगम का पवित्र जल

महाकुंभ से त्रिवेणी संगम का पवित्र जल घर लाना बहुत शुभ माना जाता है। इस जल को लाकर पूजा स्थल पर रख दें। मान्यता है कि यह जल घर की नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करता है और सकारात्मकता लाता है। इसके साथ ही इससे घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।

संगम की पवित्र मिट्टी

महाकुंभ से त्रिवेणी संगम की मिट्टी भी घर लानी चाहिए। इस पवित्र मिट्टी को लाकर घर के मुख्य द्वार या पूजा स्थल पर रख दें। मान्यता है कि यह नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और घर में शांति बनाए रखता है। इसे पूजा में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

तुलसी का पौधा

महाकुंभ से तुलसी का पौधा घर लाना बहुत शुभ माना जाता है। इस पौधे को घर लाकर नियमित रूप से जल अर्पित करें और शाम के समय दीपक जलाएं। मान्यता है कि तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इसके साथ ही आर्थिक तंगी का भी सामना नहीं करना पड़ता है।

पूजा के फूल और भोग

महाकुंभ के दौरान मंदिरों में चढ़ाए गए फूल और भोग को दिव्य माना जाता है। ऐसे में इन्हें घर लाने से घर में सुख-शांति बनी रहेगी और जीवन के सभी दुखों से छुटकारा मिल सकता है।

पवित्र भस्म (विभूति)

मान्यता है कि महाकुंभ से लाई गई पवित्र भस्म को माथे पर लगाने से बुरी शक्तियां और नेगेटिविटी दूर होती है। इस विभूति को घर लाकर पूजा स्थल पर रख दें। इससे घर का वातावरण पवित्र और शांत बना रहेगा। साथ ही भगवान शिव भी जमकर अपनी कृपा बरसाएंगे। इसके अलावा महाकुंभ से शिवलिंग, पारस पत्थर या शुभ वस्त्र लाना भी बहुत लाभकारी माना जाता है। इन चीजों को घर लाकर पूजा स्थल पर रखने से जीवन में समृद्धि आती है और पैसों की तंगी का सामना नहीं करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें…

मेष राशि का वर्षफल 2025
वृष राशि का वर्षफल 2025
मिथुन राशि का वर्षफल 2025कर्क राशि का वर्षफल 2025
सिंह राशि का वर्षफल 2025
कन्या राशि का वर्षफल 2025
तुला राशि का वर्षफल 2025वृश्चिक राशि का वर्षफल 2025
धनु राशि का वर्षफल 2025मकर राशि का वर्षफल 2025
कुंभ राशि का वर्षफल 2025मीन राशि का वर्षफल 2025

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।