विक्रमी संवत् 2074 के अनुसार आज साल का पहला खग्रास चंद्रग्रहण है। इस वर्ष कुल दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्रग्रहण होंगे। उन्हीं में से खंडग्रास चंद्रग्रहण आज (7 अगस्त) है। आज का ग्रहण रात 10 बजकर 52 मिनट पर आरंभ होगा। देशभर में इस ग्रहण को देखा जा सकेगा। अनुमान है ग्रहण 2 घंटे तक रहेगा और रात 12:48 बजे पर समाप्त होगा। वहीं यह जानना बेहद जरूरी है कि आपको इस ग्रहण के दौरान क्या करना और क्या नहीं करना चाहिए। तो आइए जानते हैं उन अहम बातों के बारे में।
गर्भवती महिलाएं रखें इन बातों का ध्यान
चंद्रग्रहण या सूर्यग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को ग्रहण की छाया से बचना चाहिए। ग्रहण की छाया का गलत प्रभाव गर्भस्थ शिशु पर पड़ सकता है। शिशु को ग्रहण के कुप्रभाव से बचाने के लिए साड़ी के पल्लू को गेरू रंग से रंगना एक अच्छा विकल्प है। वहीं ग्रहण के समय देव पूजा को निषिद्ध बताया गया है। ऐसे में पूजा नहीं करनी चाहिए।
क्या है सूतक समय
ग्रहण के दोषकाल वाले समय को सूतक कहा जाता है। चंद्रग्रहण में यह समय, ग्रहण से 9 घंटे पहले और सूर्य ग्रहण में 12 घंटे पहले का होता है। आज के चंद्रग्रहण का सूतक समय दोपहर 01:52 बजे से शुरू हुआ है।
सूतक के समय में बरतें सावधानी
सूतक के समय भी कई सारी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सूतक में खान-पान नहीं किया जाता। वहीं ग्रहण से पहले पानी के बर्तन में कुशा और तुलसी के पत्ते डाल देने चाहिए और ग्रहण के बाद पानी को बदल लेना चाहिए।
