Lohri 2025 Date: हिंदू धर्म में पौष महीने का विशेष महत्व होता है। इस महीने कई महत्वपूर्ण व्रत-त्योहार किए जाते हैं। इसी महीने में लोहड़ी भी मनाया जाता है। हर साल यह पर्व मकर संक्रांति से ठीक एक दिन पहले मनाया जाता है। बता दें कि सूर्य जब मकर राशि में गोचर करते हैं तब मकर संक्रांति मनाई जाती है। वहीं, लोहड़ी का त्योहार उत्तर भारत, खासतौर पर पंजाब और हरियाणा में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व फसल कटाई के समय का स्वागत करने और नई फसल के पकने की खुशी में मनाया जाता है। इस दिन अग्नि देव की पूजा की जाती है। मान्यता है कि अग्नि देव को प्रसन्न करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है। ऐसे में आइए जानते हैं 2025 में लोहड़ी कब मनाई जाएगी, साथ ही जानिए शुभ मुहूर्त, शुभ योग और महत्व।
लोहड़ी 2025 तिथि और शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, साल 2025 में सूर्य देव 14 जनवरी को सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस दिन मकर संक्रांति मनाई जाएगी। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, लोहड़ी मकर संक्रांति से एक दिन पहले मनाई जाती है। इसलिए इस साल लोहड़ी 13 जनवरी 2025 को मनाई जाएगी। इस दिन संक्रांति तिथि सुबह 09 बजकर 03 मिनट पर है।
लोहड़ी का महत्व
लोहड़ी के दिन शाम को लोग अलाव जलाते हैं और उसके चारों ओर इकट्ठा होकर नाच-गाना करते हैं। पंजाबी समुदाय में इस दिन भांगड़ा और गिद्धा नृत्य की परंपरा है। लोग जलती हुई आग में रेवड़ी, मूंगफली, खील, गुड़, और गेहूं की बालियां चढ़ाते हैं। यह अग्नि देव को प्रसन्न करने और सुख-समृद्धि की कामना के लिए किया जाता है। लोहड़ी का पर्व परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को मिठाइयां और उपहार देते हैं। खासतौर पर नवविवाहित जोड़ों और नवजात शिशुओं के लिए यह दिन बहुत शुभ माना जाता है।
लोहड़ी 2025 शुभ योग
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल लोहड़ी के दिन दुर्लभ भद्रावास योग और रवि योग का संयोग बन रहा है। इस दिन भद्रावास योग शाम 4:26 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि इन योगों में अग्नि देव की पूजा करने से अन्न और धन में वृद्धि होती है। इसके साथ ही इस दिन आर्द्रा और पुनर्वसु नक्षत्र का भी संयोग बन रहा है।
हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार, जब सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तो मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। हर साल मकर संक्रांति की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं इस साल कब मनाया जाएगा मकर संक्रांति का पर्व…
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।