दही खाने के ढेरों फायदे बताए गए हैं। जैसे कि दही खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इससे व्यक्ति का पाचन तंत्र मजबूत होता है। इसके अलावा भी दही के सेवन के कई सारे लाभ बताए गए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दही से जुड़े कुछ टोटके भी खूब अपनाए जाते हैं। आज हम आपको दही से जुड़े ऐसे ही उन पांच टोटकों के बारे में बताएंगे जिनके बारे में कहा जाता है कि इनसे कई सारी समस्याओं का हल निकाला जा सकता है। चलिए विस्तार से जानते हैं इनके बारे में।

1. घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दही से जुड़ा एक टोटका बड़ा ही प्रसिद्ध है। इसके लिए सोमवार के दिन शंकर जी के मंदिर में शिवलिंग पर दही का अभिषेक करना चाहिए। इससे जीवन में धन और सुख-शांति की प्राप्ति होने की मान्यता है।

2. नौकरी में मनचाहा ट्रांसफर पाने के लिए दही से जुड़ा एक टोटका किया जाता है। इसके मुताबिक आपको रविवार के दिन घर से दही बड़ा बनवाकर भैरव जी के मंदिर लेकर जाना चाहिए। इसे भैरव जी को चढ़ाएं और इसके बाद प्रसाद के रूप में दही बड़े को भक्तों में वितरित कर दें।

3. एक अन्य टोटके के मुताबिक विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए जाने से पहले दही और चीनी खानी चाहिए। कहते हैं कि ऐसा करने से विद्यार्थी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।

4. असफलता से बचने के लिए भी दही से जुड़ा एक टोटका अपनाया जाता है। इसके तहत काम पर जाने से पहले माथे पर दही, हल्दी और चावल के मिश्रण से बना टीका लगाना चाहिए। कहते हैं कि इससे सफल होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

5. कुंडली में ग्रह दोष होने पर व्यक्ति को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसा कहा जाता है कि दही का सेवन करने से कुंडली में ग्रहों की दशा मजबूत होती है। बता दें कि दही खाने से मुख्य रूप से कुंडली में चंद्रमा की दशा मजबूत होने की बात कही गई है।