Onyx Gemstone Benefits: रत्न शास्त्र अनुसार हर ग्रह का अपना एक प्रतिनिधि रत्न होता है। उस रत्न को धारण करके उस ग्रह का अशुभ प्रभाव कम किया जा सकता है। वहीं ज्योतिष में प्रमुख 9 रत्नों का ही वर्णन मिलता है। साथ ही इन नवरत्नों के उपरत्न भी बताए गए हैं। यहां हम ऐसे ही उपरत्न की बात करने जा रहे हैं, जिसका नाम है ओनेक्स, इस उपरत्न का संबंध बुद्धि और व्यापार के दाता बुध ग्रह से माना जाता है। आइए जानते हैं इस उपरत्न को कौन कर सकता है धारण और इसके पहनने की विधि…

जानिए कैसा होता है ओनेक्स

ओनेक्स का रंग हरा होता है। यह बाजार में काफी सस्ता मिल जाता है। ओनेक्स अगर अच्छी चमक और चिकना, साफ, बिना किसी दरार इत्यादि के हो तो बहुत ही उत्तम श्रेणी का होता है।

ओनेक्स पहनने के लाभ

ओनेक्स पन्ना के बराबर ही व्यक्ति को लाभ पहुंचा सकता है। ओनेक्स रत्न धारण करने वाले व्यक्ति समझदार और बुद्धिमान होते हैं। यह लोग अपना कोई भी फैसला बड़े ही सोच समझ कर लेते हैं। ओनेक्स क्रिएटिविटी बढ़ाता है। साथ ही जो व्यक्ति शेयर मार्केट, बैंकिंग, टेक्सटाइल आदि कारोबार या जॉब से जुड़े हैं, उन्हें ओनेक्स रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है। साथ ही इसको धारण करने से व्यापार में सफलता मिलने की मान्यता है। क्योंकि बुध ग्रह का संबंध व्यापार से माना जाता है और यह बुध ग्रह का ही रत्न होता है। ओनेक्स धारण करने से व्यक्ति की संप्रेषण क्षमता का विकास होता है।

ये राशि वाले कर सकते हैं धारण

वैदिक ज्योतिष अनुसार कन्या और मिथुन राशि पर बुध ग्रह का आधिपत्य होता है। इसलिए इन दोनों राशि से जुड़े जातक ओनेक्स धारण कर सकते हैं। साथ ही इसके अलावा पन्ना वृषभ, तुला, मकर और कुंभ राशि के लोग भी धारण कर सकते हैं। अगर किसी जातक की कुंडली के जन्म लग्न में बुध छठे, आठवें, 12वें भाव में सकारात्मक स्थित हैं तो भी ये रत्न पहनने से लाभ मिल सकता है। बुध ग्रह अगर कुंडली में उच्च के स्थित हैं तो भी इस रत्न को धारण किया जा सकता है।

इस विधि से करें धारण

उपरत्न को रत्न की तुलना में थोड़ा भारी धारण करना चाहिए। इसलिए ओनेक्स कम से कम व्यक्ति को सवा 8 से सवा 9 रत्नी का धारण करना चाहिए। ओनेक्स को चांदी या सोने में पहन सकते हैं। साथ ही इसको बुधवार के दिन हाथ की सबसे छोटी उंगली में धारण करें। वहीं धारण करने से पहले उंगूठी को गाय के कच्चे दूध और गंगाजल से शुद्ध कर लें।