हिंदू धर्म में देवी-देवता को भोग अर्पित करने का प्रचलन है। सामान्य तौर पर ऐसा कहा जाता है कि भगवान को भोग लगाए बिना उनकी आराधना पूरी नहीं होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किस देवी-देवता को कौन सा भोग लगाना चाहिए। जी हां, कुछ ऐसे भोग हैं जिनको लेकर यह मान्यता है कि इनके प्रयोग से अमुक देवी-देवता जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। आज हम इसी बारे में विस्तार से बात करेंगे। ऐसा कहा जाता है कि लक्ष्मी जी को सफेद और पीले रंग की मिठाई बहुत पसंद है। ऐसे में लक्ष्मी की पूजा करते समय उन्हें सफेद या पीले रंग की मिठाई का भोग लगाने की सलाह दी जाती है। कहते हैं कि ऐसा करने से लक्ष्मी जी बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाती हैं और अपने भक्त को धनलाभ प्रदान करती हैं।
भगवान शिव के बारे में कहा जाता है कि उन्हें भांग और पंचामृत बहुत पसंद है। ऐसे में शिव जी की पूजा करते समय भांग और पंचामृत का ही भोग लगाना चाहिए। इससे शिव जी बहुत प्रसन्न होते हैं और अपने भक्त पर कृपा बरसाते हैं। वहीं, विष्णु जी के बारे में कहा जाता है कि उन्हें हलवा और पंचामृत का भोग बहुत प्रिय है। इसलिए विष्णु जी को सूजी हलवा घी में बनाकर अर्पित करना चाहिए। विष्णु जी की कृपा से व्यक्ति को उसके कष्टों से छुटकारा मिल जाता है।
यदि मां दुर्गा की बात करें तो उन्हें खीर, केला और नारियल बहुत पसंद है। कहते हैं कि पूरी श्रद्धा भाव से दुर्गा जी को खीर, केला और नारियल का भोग लगाने से वे बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाती हैं। कहा जाता है कि जिस व्यक्ति पर दुर्गा जी की कृपा होती है उसका शत्रु कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं। दूसरी तरफ, गणेश जी को मोदक और मोतीचूर के लड्डू बहुत प्रिय बताए गए हैं। हनुमान जी का पसंदीदा भोग हलवा और पंचमेवा है।