कई लोगों में जानवरों के प्रति विशेष प्रेम नजर आता है। ये लोग अपनी पसंद के हिसाब से जानवर भी पालते हैं। इसके अलावा कई लोग अपने घर में जानवरों की तस्वीरें लगाना भी पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर पर किस जानवर की तस्वीर लगाने से क्या लाभ मिलने की मान्यता है? यदि नहीं तो आज हम आपको इस बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है। इसके अलावा गाय में गुरु ग्रह का वास भी माना जाता है। वहीं, पद्म पुराण के अनुसार गाय के मुख में चारों वेदों का वास होता है। जबकि गाय की सींग में विष्णु और भगवान शंकर का वास बताया गया है। इसलिए घर या दफ्तर की उत्तर-पूर्व दिशा में गाय की तस्वीर लगाने के लिए कहा गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से दुर्भाग्य समाप्त होता है।

घर या दुकान की तिजोरी में मोर की तस्वीर लगाने के लिए कहा गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से धन की कभी कमी नहीं होती और इससे परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इसके साथ ही घर की पश्चिम दिशा में मोर की तस्वीर लगाना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से पति-पत्नी के बीच की कलह समाप्त हो जाती है और वे मिलजुलकर प्रेम पूर्वक रहते हैं।

स्टडी रूम में मोर, हंस या मछली की तस्वीर लगाने के लिए कहा जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से पढ़ाई-लिखाई में मन लगता है और परीक्षा में परिणाम भी अच्छे आते हैं। बेडरूम में नाचते हुए मोर की तस्वीर लगाना शुभ माना गया है। बंदर को हनुमान जी का प्रतीक माना जाता है। घर या दफ्तर की दक्षिण-पश्चिम दिशा में बंदर की तस्वीर लगाने से नकारात्मक ऊर्जा के समाप्त होने की मान्यता है। वहीं, सफेद हाथी की तस्वीर लगाने से सेहत अच्छी रहने की मान्यता है।