कलयुग में कर्म ही प्रधान होता है। बिना मेहनत किये कुछ भी हासिल नहीं होता है। कहा जाता है जो जितनी मेहनत करेगा उसे उतना ही अच्छा फल प्राप्त होगा। लेकिन कई बार कड़ी मेहनत के बाद भी मनमुताबिक फल की प्राप्ति नहीं होती है। कोई इसे लेकर अपनी किस्मत को दोष देता है तो कोई सफलता पाने के लिए और भी ज्यादा मेहनत करने लगता है। कहीं तो कोई कमी हो ही जाती है जिस कारण सफलता नहीं मिल पाती है। सद्गुरु जग्गी वासुदेव से जानिए कि आखिर व्यक्ति की कड़ी मेहनत के बाद भी सफलता क्यों नहीं हासिल हो पाती…

सद्गुरु कहते हैं कि बचपन से ही मां बाप पढ़ाई में सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की सलाह देते हैं। अगर आपको कोई भी काम करना है तो उसमें कड़ी मेहनत करनी चाहिए। लेकिन अगर आप कड़ी मेहनत के साथ कोई भी काम करेंगे तो आपका जीवन एक गधे जैसा बन जाएगा। किसी ने आपसे यह नहीं कहा कि खुशी के साथ काम करो। किसी ने यह भी नहीं कहा कि किसी भी काम को प्यार से करो। बस लोग अकसर यह कहते हैं कि कड़ी मेहनत करो। उन्होंने ऐसा कर के अपना जीवन तो कठिन बना ही लिया है। और अब वह आपका जीवन भी कठिन बनाना चाहते हैं। अगर आपको किसी काम को करने में मेहनत लग रही है तो उस काम को छोड़ देना ही अच्छा है। बल्कि उस काम को करें जिसे करने में आपको मजा आए। अगर आप काम करते हुए खुद को दुखी कर रहे हैं तो ऐसा काम करने का आपका फायदा ही क्या है।

अगर आप दुनिया में दुख फैलाने जा रहे हैं तो बेहतर होगा कि आप कुछ ना करें। अगर संसार में आप खुशी फैलाने जा रहे हैं तो ऐसे काम को करिए। कड़ी मेहनत के साथ जरूरी नहीं है कि हर काम बन जाए। किसी काम को पूरा करने के लिए सही चीजें करनी होंगी। जिन लोगों ने सफलता पाई है, जरूरी नहीं है कि उन्होंने कड़ी मेहनत की हो। लेकिन ऐसे लोगों को इस बात की जानकारी थी कि उनके कार्यों के लिए सही चीजें क्या हैं।