Kedarnath Doli Yatra 2025: हिंदू धर्म में चार धाम यात्रा का बहुत ही खास महत्व माना गया है। ऐसा माना जाता है कि जो भी भक्त इस यात्रा को पूरी श्रद्धा से करते हैं, उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है। चार धाम यात्रा में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए जाते हैं। इनमें से केदारनाथ धाम भगवान शिव का बहुत पावन स्थल है और यह 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। हर साल लाखों भक्त बाबा केदार के दर्शन करने आते हैं। मान्यता है कि बाबा केदार के दर्शन से सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं और भोलेनाथ की कृपा से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले डोली यात्रा क्यों निकाली जाती है? आइए जानते हैं इसका धार्मिक महत्व।

केदारनाथ मंदिर और डोली उत्सव की परंपरा

इस साल यानी 2025 में केदारनाथ मंदिर के कपाट 2 मई को भक्तों के लिए खोले जाएंगे। कपाट खुलने से पहले कई परंपराएं निभाई जाती हैं। सबसे पहले बाबा भैरवनाथ की पूजा की जाती है, फिर बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली को उखीमठ से केदारनाथ धाम ले जाया जाता है। इसके बाद विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट खोले जाते हैं और भक्तों को दर्शन का अवसर मिलता है।

क्या है पंचमुखी डोली की खासियत?

जब हर साल सर्दियों में केदारनाथ के कपाट बंद हो जाते हैं, तो बाबा केदार की भोग मूर्ति को पंचमुखी डोली में रखकर उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर लाया जाता है। वहां भगवान छह महीने तक विराजते हैं। पंचमुखी डोली का मतलब है कि इसमें भगवान केदारनाथ के पांच मुख दर्शाए गए हैं। इस डोली में चांदी की सुंदर मूर्ति होती है, जिसकी विशेष पूजा होती है। फिर जब केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का समय आता है, तो बाबा की डोली को फिर से केदारनाथ मंदिर ले जाया जाता है।

चार धाम यात्रा 2025 की शुरुआत कब से होगी?

साल 2025 में चार धाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू होगी। इसी दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोले जाएंगे। फिर 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे और उसके बाद 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। चार धाम यात्रा की परंपरा के अनुसार सबसे पहले यमुनोत्री के दर्शन किए जाते हैं, फिर गंगोत्री, उसके बाद केदारनाथ और सबसे अंत में बद्रीनाथ धाम के दर्शन होते हैं। बता दें कि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसे ये चार धाम हर साल लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। भक्तों की आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा इस पावन यात्रा के दौरान देखने को मिलता है।

मेष वार्षिक राशिफल 2025वृषभ वार्षिक राशिफल 2025
मिथुन राशिफल 2025कर्क राशिफल 2025
सिंह राशिफल 2025कन्या राशिफल 2025
तुला राशिफल 2025वृश्चिक राशिफल 2025
धनु राशिफल 2025मकर राशिफल 2025
कुंभ राशिफल 2025मीन राशिफल 2025

धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।