Jyeshtha Purnima 2021: हिंदू धर्म में ज्येष्ठ पूर्णिमा बेहद ही खास मानी जाती है। इस दिन स्नान और दान-धर्म करने का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और मनुष्य के पापों का नाश हो जाता है। कई लोग ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन व्रत भी रखते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस दिन कुछ खास उपाय करने से मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। इस बार ये शुभ तिथि 24 जून दिन गुरुवार को है।
ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन जो व्यक्ति एक लोटे में पानी भर कर और उसमें कच्चा दूध और बताशा मिलाकर पीपल के पेड़ पर अर्पित करता है मान्यताओं अनुसार उसे बिजनेस में लाभ मिलता है। साथ ही रुके हुए धन की प्राप्ति होती है।
ज्योतिष उपायों के अनुसार धन प्राप्ति के लिए ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन माता लक्ष्मी की तस्वीर पर 11 कौड़ियां चढ़ाएं और उस पर हल्दी से तिलक लगाएं। इसके बाद अगली सुबह इन्हें किसी लाल कपड़े में बांध कर अपने घर की तिजोरी में या फिर धन वाले स्थान पर रख दें। कहते हैं कि ऐसा करने से आर्थिक स्थिति बेहतर हो जाती है।
ज्येष्ठ पूर्णिमा का दिन माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए खास माना जाता है। इस दिन मध्य रात्रि में भगवान विष्णु के साथ महालक्ष्मी की विशेष पूजा करें और रात के समय ही घर के मुख्य दरवाजे पर घी का दीपक जलाएं। मान्यता अनुसार ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। यह भी पढ़ें- बेहद ही भाग्यशाली लोगों के हाथों में होते हैं ये शुभ चिन्ह, जानिए क्या कहता है हस्तरेखा शास्त्र
धन-धान्य की प्राप्ति के लिए इस दिन लक्ष्मी स्तोत्र और कनकधारा स्त्रोत का पाठ करना भी बेहद फलदायी माना जाता है। इस दिन महालक्ष्मी को खीर का भोग लगाना भी बेहद शुभ माना जाता है। माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन पांच कुंवारी कन्याओं को भोजन जरूर कराएं। इसके बाद उन्हें आदर समेत दान-दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
सभी प्रकार की बाधाओं से मुक्ति के लिए ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर लें। उसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना करें। उन्हें धूप दिखाएं। फूल अर्पित करें और खीर का भोग लगाएं। इस दिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ जरूर करें। ऐसा करने से कर्जों से मुक्ति मिलती है।