Jaya Ekadashi Bhog 2025: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत को बहुत खास माना जाता है। साल में आमतौर पर 24 एकादशी पड़ती हैं, लेकिन मलमास लगने पर साल में 26 एकादशी हो सकती हैं। इन सभी एकादशी का अपना-अपना महत्व होता है। वहीं, माघ महीने के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को जया एकादशी कहते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने से शुभ फल मिलते हैं। साथ ही, अगर इस दिन भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी की पूजा भी की जाए, तो घर में कभी धन की कमी नहीं होती है। आपको बता दें कि इस साल जया एकादशी का व्रत 8 फरवरी 2025 को रखा जाएगा। अगर आप भी इस दिन व्रत रखते हैं, तो आपको भगवान विष्णु को कुछ खास चीजों का भोग जरूर लगाना चाहिए। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से।
जया एकादशी पर भगवान विष्णु को लगाएं ये 5 खास भोग
पंजीरी
जया एकादशी के दिन धनिया या आटे से बनी पंजीरी का भोग भगवान विष्णु को जरूर लगाना चाहिए। मान्यता है कि इससे घर में कभी पैसों की कमी नहीं होती और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
केला
भगवान विष्णु को केला बहुत पसंद है। इसलिए इस दिन केले का भोग लगाना बहुत शुभ माना जाता है। इससे घर में खुशहाली और बरकत बनी रहती है।
पंचामृत
पंचामृत यानी दूध, दही, घी, शहद और शक्कर को मिलाकर बनाया जाता है। मान्यता है कि इसे भगवान विष्णु को अर्पित करने से ग्रहों के दोष कम होते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है।
मखाने की खीर
एकादशी के दिन चावल नहीं खाए जाते, इसलिए अगर आप भगवान विष्णु को खीर अर्पित करना चाहते हैं, तो मखाने की खीर बनाएं। इससे घर में शांति और खुशहाली बनी रहती है।
पीली मिठाई
भगवान विष्णु को पीला रंग बहुत पसंद है। इसलिए इस दिन उन्हें बेसन के लड्डू, केसर पेड़ा या कोई भी पीली मिठाई का भोग जरूर लगाएं। इससे जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
तुलसी के बिना अधूरी है एकादशी की पूजा
भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी का होना बहुत जरूरी है। इस बात का ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी नहीं तोड़नी चाहिए, इसलिए एक दिन पहले ही तुलसी के पत्ते तोड़कर रख लें। ऐसी मान्यता जया एकादशी के दिन भगवान विष्णु की विधिपूर्वक पूजा करने और व्रत रखने से घर में सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक स्थिति अच्छी रहती है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।